शाहपुर थाने में शादी के दौरान मौजूद दूल्हा-दुल्हन और उनके परिवार वाले।
- फोटो : Amar Ujala
दुल्हन के घर से मामूली विवाद पर लौटी बारात बैरंग नहीं लौटी। शाहपुर पुलिस की पहल काम आई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर थाना परिसर स्थित मंदिर में शादी करा दी। पूरे विधि-विधान से शादी कराने के बाद दोनों को नए जीवन की शुभकामना देते हुए पुलिस ने फिर से छोटी बात पर न झगड़ने की नसीहत भी दी। सभी पुलिस की इस पहल की सराहना करते देखे गए।
पश्चिम बंगाल जिला उत्तर दिनाजपुर के ग्राम वकीलपाड़ा निवासी जयराम निषाद के पुत्र अमर निषाद की शादी बेलीपार के नौसड़ निवासी स्वर्गीय रामानंद की पुत्री शशि से तय हुई थी। शादी रामानंद के बड़े दामाद अनिल निषाद के घर से होनी थी। बारात तय समय पर पहुंची और द्वारपूजा हुआ। यहां तक सब ठीक रहा। दोनों पक्ष खाना खाने के बाद शादी की तैयारी में जुट गए। भोर में करीब 3:15 बजे शादी होने जा रही थी, तभी डीजे पर नाचने को लेकर दोनों पक्ष भिड़ गए। मामला बढ़ने पर दूल्हे ने शादी करने से इन्कार कर दिया। घंटों मान-मनौवल के बाद भी बात नहीं बनी तो लड़की पक्ष ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दे दी।
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी। इस पर दोनों पक्षों को वह शाहपुर थाने ले गई। रविवार सुबह इंस्पेक्टर गोविंद बल्लभ शर्मा और दरोगा रामप्रसाद के बहुत समझाने-बुझाने के बाद दूल्हा शादी के लिए तैयार हो गया और सुबह नौ बजे थाना परिसर के मंदिर में पंडित को बुलाकर शादी करा दी गई।