मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में कर्मचारियों की लापरवाही से एक मरीज दो घंटे फंसा रहा। कर्मचारी ओपीडी का समय खत्म होते ही ताला बंद कर चले गए और वह अंदर ही रह गया। जिस वक्त कर्मचारी ताला बंद कर रहे थे वह शौचालय गया था। बाहर आने के बाद ताला लटका देखा तो चिल्लाने लगा। आवाज सुनकर एक तीमारदार की नजर पड़ी। उसने कर्मचारियों को जानकारी दी, मगर किसी ने ध्यान नहीं दिया। करीब दो घंटे बाद 3.50 बजे प्राचार्य प्रो. राजीव मिश्रा को इसकी जानकारी मिली तो मौके पर पहुंचकर ताला खुलवाया।
देवरिया, मदनपुर थाना क्षेत्र के पिड़या निवासी रविंद्र यादव का बेटा मुलायम यादव के हाथ की उंगली जल गई थी। शुक्रवार की दोपहर वह मेडिकल कॉलेज के प्लास्टिक सर्जन को देखाने के लिए ओपीडी में लेट पहुंचा। इस दौरान ही उसे शौच लग जाने की वजह से शौचालय में चला गया। दो बजे तक डॉक्टर मरीज को देखकर चले गए। मरीज भी ओपीडी से जा चुके थे। इसी दौरान दो कर्मचारी आए और ओपीडी बंद कर चले गए, जबकि नियम है कि ओपीडी को बंद करने से पहले शौचालयों को चेक कर लिया जाना चाहिए कि कहीं कोई रह न जाए।
थोड़ी देर बाद वह शौचालय से बाहर आया और ताला बंद देखा तो शोर मचाने लगा। पहले कर्मचारियों ने अनसुनी कर दी लेकिन जब प्राचार्य को इसकी जानकारी हुई तो वह खुद पहुंचे और ताला खुलवाया। उन्होंने कर्मचारियों को दोबारा ऐसी गलती न होने की चेतावनी भी दी।