गोरखपुर। दो हजार कीमत की बैट्री की चोरी के आरोप में एक युवक को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। रविवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बड़ी बात यह कि पिटाई के दौरान अनुसूचित जाति का युवक सहायता के लिए चिल्लाता रहा लेकिन मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उसे बचाने या पुलिस को घटना की जानकारी देने की कोशिश नहीं की।
कुछ ने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो भी बनाया। बाद में आरोपी के बैट्री लौटाने की हामी भरने पर उसे पेड़ से खोला गया। उधर, सोशल मीडिया पर तेजी से वीडियो वायरल होने पर एसएसपी ने सीओ चौरीचौरा को जांच सौंपी है। हालांकि, आरोपी ने अभी तक पुलिस में शिकायत नहीं की है।
तरकुलहा प्रतिनिधि के अनुसार घटना रविवार की सुबह झंगहा इलाके के माईधिया पोखरे चौराहे के पास हुई। झंगहा का जंगल रसूलपुर निवासी राजेश वायरल वीडियो में कह रहा है कि उसके घर से चौरीचौरा के भाऊपुर निवासी अमर ने तीन महीने पहले बैट्री चोरी कर ली थी। रविवार को एक शराब की दुकान के पास राजेश ने अमर को पकड़ लिया। इसके बाद अमर को पेड़ से बांधकर उसकी पिटाई शुरू कर दी गई। अमर कुछ देर तक लोगों से गुहार लगाता रहा। फिर चोरी की बात कबूल कर बैट्री लौटाने का वादा किया, तब उसे छोड़ा गया।
सीओ चौरीचौरा को जांच सौंपी गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. सुनील कुमार गुप्ता, एसएसपी
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।