बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार रात बरामदे में सो रही युवती पर सिरफिरे आशिक ने करीब 11.30 बजे तेजाब फेंक दिया। जिससे युवती की शरीर का 60 फीसदी हिस्सा झुलस गया, साथ में सो रही उसकी बहन पर भी तेजाब के छींटे पड़े। जिसके बाद भाई की तहरीर पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बता दें कि घटना में गंभीर रूप से झुलसी युवती को आनन-फानन में देर रात सीएचसी भानपुर ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
पीड़िता के भाई की ओर से सोनहा पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया है कि उसकी बहन का थाना क्षेत्र के दूसरे गांव के रहने वाले युवक से प्रेम संबध था। उसने बहन की शादी दूसरी जगह तय कर दी है। आरोप के आधार पर पुलिस ने राकेश और सराफतुल्लाह पर मदुकमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रभारी थानाध्यक्ष रामा यादव ने बताया कि सराफतुल्लाह को हिरासत में लिया गया है। माना जा रहा है कि प्रेमिका की दूसरी जगह शादी तय होने से नाराज प्रेमी ने ऐसी घटना को अंजाम दिया। वारदात की सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी रूधौली जनार्दन दुबे भी घटना स्थल पहुंचे और लोगों से पूछताछ की जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है।