मैना देवी बालिका इंटर कॉलेज ने होम ग्राउंड पर खेले गए जनपद स्तरीय सीनियर और जूनियर बालिकाओं की कबड्डी प्रतियोगिता में विरोधियों को पस्त कर खिताब पर कब्जा कर लिया। दोनों ही वर्गों में मैना देवी की टीम ने कोऑपरेटिव इंटर कॉलेज पिपराइच को शिकस्त दी।
सोमवार को हुई प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग का फाइनल मैना देवी इंटर कॉलेज गोरखपुर और कोऑपरेटिव इंटर कॉलेज पिपराइच के बीच खेला गया, जिसमें मैना देवी ने 48-20 से बाजी मार ली। मैना देवी के लिए कंचन, शालू, रबीना ने शानदार खेल दिखाया। दूसरी तरफ, सीनियर वर्ग के मुकाबले में भी यही दोनों टीमें आमने-सामने रहीं, जिसमें अंशू सिंह, संजू राय के शानदार खेल की बदौलत मैना देवी ने कोऑपरेटिव इंटर कॉलेज को 68-50 से हरा दिया।
मुख्य अतिथि मंजू सिंह ने विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया। निर्णायक प्रेम लता सिंह, विनय पांडेय, संजय पांडेय, विजय लक्ष्मी सिंह रही। इस मौके पर सत्यवीर यादव, अंजली गुप्ता, संपत ठाकुर, नंदिनी उपाध्याय, विकास श्रीवास्तव, काली प्रसाद मिश्र, राजेश सिंह, अभिषेक सिंह आदि की भी मौजूदगी रही।
जनपदीय टीम का हुआ चयन
मैना देवी की प्रधानाचार्य प्रेमलता सिंह ने बताया कि सोमवार को हुए मुकाबले में प्रदर्शन के आधार पर जनपदीय टीम का चयन किया गया। अंडर-14 में कंचन गौड़, शालू राजभर, पार्वती, शालू साहनी, गुंजा गौड़, श्रद्धा, दृष्टि, प्रिया, रबीना, प्रियंका, पुष्पा, आयुषी, रंजना चुनी गईं। अंडर-19 में अंजली, ज्योति, कविता, सभ्या, काजल, संजू राय, ललिता, मंशा, अंशू सिंह, सेजल, चंदा और निधि का चयन हुआ।
महानगर ने कैंपियरगंज को हराया
गोरखपुर। माध्यमिक विद्यालयों की बालकों की जनपदीय कबड्डी प्रतियोगिता के अंडर-14 आयु वर्ग में महानगर ने विजय, रोहित, अजय, अखिलेश के खेल से कैंपियरगंज को 22-05 से हरा दिया। वहीं अंडर-19 में भी महानगर ने बांसगांव को 34-08 से हराकर विजेता होने का गौरव हासिल किया। ने शानदार प्रदर्शन किया। सत्येंद्र, सतीश, प्रदीप, अभिमन्यु, सुनील ने टीम को विजेता बनाने में अहम भूमिका निभाई।