छात्रा के परिवार में मचा कोहराम
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज के निचलौल थाना क्षेत्र के हरदी गांव में सोमवार सुबह करीब छह बजे हैंडपम्प से पानी भरते समय एक छात्रा को करंट लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। छात्रा की हालत नाजुक होते देख परिजनों ने अफरा-तफरी में उसे निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल लाया। वहां चिकित्सकों ने छात्रा को मृतक घोषित कर दिया।
छात्रा की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव निवासी साजरा खातून (20) सुबह हैंडपम्प पर बर्तन की सफाई कर रही थी। इसी बीच अचानक मोटर पम्प से हैंडपंप में करंट उतर गया, जिसके झटके से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन रास्ते मे ही उसकी मौत हो गई। मृतक साजरा खातून निचलौल नगर के एक महाविद्यालय की बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी। वह चार बहनों व दो भाइयों में चौथे नंबर पर थी।
छात्रा की मौत से भाई मुबारक, तबारक व बहन हाजरा, नाजरा सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। इस संबंध में इंस्पेक्टर बिहागड़ सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं मिली है। शिकायती पत्र मिलेगी तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।