भारत अब आतंकवाद से समझौता करने वाला नहीं है। आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। आतंक के आका मसूद अजहर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आतंकी घोषित कर दिया गया है। यह देश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सबसे बड़ी जीत है। बार-बार अड़ंगा लगाने वाले चीन को भी आखिरकार झुकना ही पड़ा।
यह बात गुरुवार को शोहरतगढ़ के छतहरी स्थित स्टेडियम में भाजपा प्रत्याशी व सांसद जगदंबिका पाल के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने गुरुवार को कही। कहा कि पानी और तेल कभी मिल नहीं सकता है। इसी तरह सपा-बसपा गठबंधन भी चलने वाला नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डर से यह बेमेल गठबंधन बना है। कभी पानी पीकर एक-दूसरे को गाली देने वाले अब एक हो गए हैं। पूरा देश नरेंद्र मोदी की तरफ आशा भरी निगाहों से देख रहा है। चार चरणों में हुए मतदान इस बात के संकेत हैं। कहा कि देश की जनता जान चुकी है कि गरीबों को साथ लेकर चलने वाले की क्षमता केवल भाजपा व एनडीए नेताओं के पास है।
विशिष्ट अतिथि केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह साबित कर दिया कि आतंकवाद का जवाब कैसे दिया जाता है। पाकिस्तान की छाती पर चढ़कर सबसे बड़े आतंकी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आतंकी घोषित करने का काम किया है। यह भारत की विश्व पटल पर सबसे बड़ी जीत है। कहा कि सांसद व भाजपा प्रत्याशी जगदंबिका पाल बहुत मेहनती नेता हैं। इनके पक्ष में मतदान की अपील की। सभा को कैबिनेट मंत्री जयप्रताप सिंह, सांसद जगदंबिका पाल, विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, विधायक श्यामधनी राही, लोकसभा प्रभारी दुर्गा राय, जिलाध्यक्ष लाल जी त्रिपाठी लाल बाबा, निवर्तमान जिलाध्यक्ष रामकुमार कुंवर ने भी संबोधित किया। इस दौरान हियुवा के देवी पाटन मंडल के प्रभारी सुभाष गुप्ता, रामकृपाल चौधरी, शिवनाथ चौधरी, फूलचंद जायसवाल आदि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में नहीं पहुंचे विधायक
एनडीए में सहयोगी अपना दल एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के कार्यक्रम में उसी दल व शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक चौधरी अमर सिंह नहीं पहुंचे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के आने के बाद उनका कार्यक्रम में न पहुंचाना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। हालांकि चुनाव से पहले ही विधायक सांसद के खिलाफ खुलकर बगावत कर चुके हैं।
बोले विधायक
शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र से अपला दल के विधायक चौधरी अमर सिंह ने कहा कि जिले में पिछड़ों की उपेक्षा की जा रही है। लंबे समय से पिछड़ों का उपयोग किया गया, लेकिन कभी उनके हाथ में नेतृत्व नहीं दिया गया। पिछड़ों की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनके हक की लड़ाई लड़ेंगे। मगर ऐसा नहीं हुआ। राष्ट्रीय अध्यक्ष और पार्टी के साथ मैं हमेशा खड़ा हूं।