बंधक बनाकर जेवरात लूट ले गए बदमाश
अमर उजाला ब्यूरो
डुमरियागंज। मंगलवार की रात दो बदमाशों ने सोतवा से दो किलोमीटर पहले मूड़ाडीहा गांव में फिर एक परिवार को अपना शिकार बनाया। छत पर सोए दपंती में से पति को स्प्रे डालकर बेहोश किया। फिर, उसकी पत्नी से उसके मासूम बच्चे को छीन लिया। छत से नीचे फेंकने की धमकी देकर पत्नी को चुप रहने की चेतावनी दी। उसके हाथ-पैर बांधकर बदमाश करीब 80 हजार रुपये का जेवरात लेकर फरार हो गए।
डुमरियागंज थानाक्षेत्र के मूड़ाडीहा गांव निवासी सनाउल्लाह अपनी पत्नी व दुधमुंहे बच्चे के साथ गांव के पश्चिम बने अपने दो मंजिला मकान में रहते हैं। मंगलवार की रात खाना खाने के बाद दूसरे मंजिल पर सोने चले गए थे। रात करीब 12 बजे दो लोग छत पर चढ़ गए। इसके बाद दोनों ने सनाउल्लाह के चेहरे पर स्प्रे डालकर बेहोश कर दिया। पत्नी ने किसी के होने की आहट जान आंख खोली तो उन्हें देख वह चिल्लाने की कोशिश की। तभी एक बदमाश ने उसके बगल में सोए उसके मासूम बच्चे को उठाकर छत से नीचे फेंक देने की धमकी दी। बच्चे को बदमाश के गोद में देख वह चुप हो गई। दोनों बदमाशों ने उसका हाथ-पैर बांध दिया। फिर उससे चाबी लेकर घर में दाखिल हो गए। दोनों ने घर में रखे 80 हजार रुपये मूल्य के सोने व चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। रात में दो लोगों को जाते देख गांव के कुछ लोगों ने सवाल किया कि कहां से आ रहे हो तो खुद को मिस्त्री बताते हुए खेत में मशीन बनाने की बात कहकर पैदल ही गांव के बाहर निकल गए। सनाउल्लाह की पत्नी ने किसी तरह आवाज दी तो गांव के लोग भी आ गए। इसके बाद उसका हाथ-पैर खोला गया और सनाउल्लाह को होश में लाया गया। इंस्पेक्टर केडी सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।