महादेवा विधानसभा क्षेत्र के नगर बाजार में सांसद और प्रत्याशी हरीश द्विवेदी के पक्ष में जनसभा करने आए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चीनी मिल मालिकों को चेतावनी दी। कहा कि सीजन में ही गन्ना मूल्य भुगतान किसानों को नहीं किया गया तो मिल मालिकों को जेल की हवा खानी पड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा 2011 से 2017 तक प्रदेश में सपा और बसपा की सरकार थी लेकिन गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं किया गया। बसपा की मायावती सरकार ने 21 चीनी मिल ही बेच दीं। इसमें बड़े पैमाने पर घोटाला हुआ। सुप्रीम कोर्ट में केस चल रहा है। कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी महज दो वर्ष में 65 हजार करोड़ रुपये गन्ना मूल्य का भुगतान कराया गया। ग्रामीण क्षेत्र में चुनावी जनसभा होने से प्रदेश के मुखिया ने केंद्र से लेकर प्रदेश तक किसानों के हित में चलाई गईं योजनाओं का उल्लेख किया।
कहा कि आज सरकार किसानों को उचित मूल्य दिला रही है। जबकि सपा-बसपा के कार्यकाल में बिचौलियों का बोलबाला था। इतना ही नहीं राजनीति के केंद्र में रही मुंडेरवा चीनी मिल को किसान हित में सत्ता में आते ही चलाया गया। इस चीनी मिल से एथेनाल और बिजली उत्पादित होगी। दुकानदारों और बेरोजगारों को रोजगार और तमाम तरह की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। भाजपा सरकार ने देश के अंतिम पिछड़े व्यक्ति तक सबका साथ, सबका विकास के तहत गैस कनेक्शन, आवास शौचालय, विद्युत कनेक्शन आदि पहुंचाया। इसके कारण आज चारों तरफ से आवाज आ रही है एक बार फिर मोदी सरकार।
विपक्ष पर हमलावर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा और बसपा के शासन काल में विकास के बदले समाज में जहर बोया गया। प्रदेश के लखनऊ, फैजाबाद, वाराणसी आदि जिलों में आतंकवादी घटनाओं के बाद मुकदमे तक वापस ले लिए गए। इतना ही नही गुंडागर्दी, अवैध कब्जे और महिलाओं के प्रति हिंसा बढ़ी थी। प्रदेश की सत्ता संभालने के बाद अवैध बूचड़खाने बंद किए गए। एंटी रोमियो गठन स्क्वॉड गठनकर महिलाओं की सुरक्षा, एंटी भूमाफिया टॉस्क फोर्स का गठन कर जमीन मुक्त कराई गईं। अब गुंडे या तो जेल में हैं अथवा उनका राम नाम सत्य कर दिया।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले आतंकी कहीं भी विस्फोट कर देते थे। हमारे जवानों का सिर काट लिया जाता था। विश्व की सर्वश्रेष्ठ सेना का मनोबल राजनीतिक कारणों से गिरा था। लेकिन केंद्र में जब मोदी जी प्रधानमंत्री बने तो वही सेना पुलवामा कांड के 12 दिन बाद पाकिस्तान में 100 किलोमीटर अंदर घुसकर न सिर्फ आतंकवादियों को मार गिराती है बल्कि आतंकी अड्डे भी नष्ट कर देती है। विकास मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 55 साल में जो नहीं हुआ भाजपा की केंद्र सरकार ने 55 महीने में कर दिखाया। इसके लिए एक ही मूलमंत्र था। सबका साथ, सबका विकास। देश के हर नागरिक के चेहरे पर खुशहाली के लिए तमाम योजनाओं का संचालन किया जा रहा है।
कहा कि 50 करोड़ गरीबों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य योजना आयुष्मान, 1.5 करोड़ आवास, चार करोड़ घरों को बिजली, सात करोड़ को गैस, 15 करोड़ बेरोजगारों को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से मदद कर रोजगार से जोड़ा गया। जबकि देश-प्रदेश में कांग्रेस, सपा बसपा की सरकार थी तो गरीबों के हक पर डाका डालने का कार्य हुआ। सांसद और प्रत्याशी हरीश द्विवेदी के कार्यों की तारीफ की। कहा कि क्षेत्र के मणि हरीश को जिताकर संसद में पहुंचाएं। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ला, विधायक रवि सोनकर, अजय सिंह, दयाराम चौधरी, चंद्रप्रकाश शुक्ला, जिला अध्यक्ष पवन कसौधन, अजय सिंह गौतम, नीतेश शर्मा, महामंत्री विवेकानंद समेत तमाम पदाधिकारी भी मौजूद रहे।