बसपा सुप्रीमो मायावती ने प्रधानमंत्री पर झूठ बोलने का आरोप लगाकर जमकर हमला बोला। कहा कि मोदी जी झूठा आरोप लगाते हैं कि उनकी जाति पूछी जाती है। वे फर्जी ओबीसी हैं। असली ओबोसी तो आपके बीच बैठे अखिलेश हैं। अभी तक हुए चुनाव की रिपोर्ट गठबंधन के पक्ष में है। भाजपा के लोग घबराए हुए हैं। 23 के बाद मोदी के बुरे दिन शुरू हो जाएंगे। अच्छे मतों से जिताकर भेजें तो केंद्र में सरकार बनाएंगे और फिर यूपी में योगी की सरकार भी जाएगी। योगी बाबा मंदिर में घण्टा बजाएंगे।
चम्पा देवी पार्क में गठबंधन की सभा मे मायावती ने आरक्षण का मुद्दा उठाकर कांग्रेस के साथ भाजपा को घेरा। वहीं बढ़ते आतंकवाद के लिए भाजपा की कमजोर सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
सभा को संबोधित करते हुए सपा के राष्ट्रीय अध्य्क्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सरकारें आती जाती रहती हैं जिस तरह से मेरे मुख्यमंत्री वाले आवास पर अधिकारियों और मीडिया को भेज कर टोटियां गिनवाईं। सरकार हमारी बनी तो वही अधिकारी तब तक खोजेंगे जब तक चिल्लम मिल न जाए। अखिलेश भाजपा पर पूरी तरह हमलावर थे। बोले, योगी जी ने पुलिस से कहा ठोको और पुलिस निर्दोष लोगों को ठोकने लगी।