सोमवार की दोपहर हुई बरसात से मेडिकल कॉलेज की बत्ती गुल हो गई। दोपहर करीब 1.55 पर अचानक लाइट गुल होने की वजह से सबसे ज्यादा परेशानी ऑपरेशन थियेटर में हुई। बिजली गुल होने के समय ओटी में दो ऑपरेशन हो रहे थे जिसे डॉक्टरों ने इमरजेंसी लाइट के सहारे पूरा किया। बिजली आपूर्ति शीघ्र बहाल न होने पर ऑपरेशन टाल दिए गए।
मेडिकल कॉलेज के सर्जरी ओटी में सोमवार को सात मरीजों का ऑपरेशन होना था। मरीज के साथ पहुंचे तीमारदार समय से पहले ही ओटी में मरीज की बारी का इंतजार कर रहे थे। डॉक्टर और उनके सहयोगियों के आने के बाद ऑपरेशन शुरू हुआ। करीब दो घंटे के बाद तीन मरीजों का ऑपरेशन हुआ। इसके बाद दूसरे चरण में महराजगंज की इंद्रावती और देवरिया के सुरेंद्र तिवारी को ऑपरेशन के लिए बुलाया गया। दोनों ओटी में दाखिल हुए और ऑपरेशन शुरू हुआ तो लाइट चली गई। डॉक्टर ने इमरजेंसी लाइट में ऑपरेशन पूरा किया गया।
दो मरीजों के ऑपरेशन टले
बिजली आपूर्ति बाधित होने की वजह से दो मरीजों का ऑपरेशन टाल दिया गया। मानीराम के रहने वाले गुड़िया पुत्री अशोक और देविरया के रामरतन यादव पुत्र अनिल यादव सुबह से ही अपने ऑपरेशन के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। करीब 3 बजे अचानक डॉक्टर ने परेशानी बताते हुए ऑपरेशन होल्ड कर दिया। मरीज के तीमारदारों का कहना है कि दो दिन पहले ही दवाइयों की लिस्ट दे दी गई थी। हजारों रुपये की दवाएं खरीद लाए। ऑपरेशन का समय भी दिया गया था मगर अचानक ऑपरेशन टाल दिया गया।
बारिश की वजह से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इस बीच जेनरेटर से सप्लाई दी जा रही थी मगर कुछ जगहों पर सप्लाई नहीं पहुंच पाई, जिसकी वजह से थोड़ी परेशानी हुई है।
- डॉ. एके श्रीवास्तव, एसआईसी, नेहरू अस्पताल