कागजों तक सिमटा कोटे से दाल देने का आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। दाल के बढ़ते दामों से राहत देने के लिए जिला आपूर्ति अधिकारी ने पहल जरूर की जो सिर्फ कागजों तक ही सिमट गई। किसी भी सरकारी राशन की दुकान से लोगों को सस्ती दर पर दाल उपलब्ध नहीं हो सकी है। जबकि दाल एसोसिएशन के लोगों का कहना है कि तमाम कोटेदारों ने उनके यहां से दाल सस्ते में उठान किया है।
बीते दिनों दाल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जिला आपूर्ति अधिकारी ने तय किया कि हर कोटे (सरकारी राशन) की दुकान से 140 रुपये प्रति किलोग्राम में दिया जाएगा। इसके तय कोटेदार को गल्ला मंडी से 135 रुपये प्रति किलोग्राम दाल उपलब्ध कराना था। मगर अभी तक ऐसा नहीं हो सका है। कई कोटेदारों ने एक दिन दाल देने को कहा तो अधिकतर के यहां ताला ही नहीं खुला। जिस वजह से लोगों को सस्ते दाम पर दाल उपलब्ध कराने का फरमान सपना ही रह गया। वहीं अब बाजार में खुद ही जमाखोरी के खिलाफ अभियान चलने के बाद दाल का दाम 150 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच चुका है। व्यापारियों की मानेें तो अभी कुछ महीनों तक दाल के दाम ज्यादा घटने की उम्मीद नहीं है।