राजघाट इलाके के छोटे काजीपुर के बनकटी चक में युवती से छेड़खानी से मना करने पर शोहदों ने अधिवक्ता डॉ. दानपाल सिंह की पिटाई कर दी। तीन दिसंबर को अलहदादपुर में मारपीट होने के मामले में केस तो दर्ज किया गया लेकिन अब पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।
अधिवक्ताओं ने घटना के विरोध में शुक्रवार को न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया और एडीजी जोन से मुलाकात कर ज्ञापन दिया। एडीजी ने एसएसपी को कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
अधिवक्ताओं का कहना है कि आरोपियों पर केस दर्ज होने के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है। चेन भी लूट ली गई थी।
दो आरोपियों पर दूसरे मामलों में हत्या और हत्या की कोशिश का भी केस दर्ज है लेकिन इसके बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। इसे लेकर शुक्रवार को बार एसोसिएशन सिविल कोर्ट के सभागार में अध्यक्ष वीरेंद्र शाही की अध्यक्षता में बैठक हुई। संचालन मंत्री अजय शुक्ला ने किया। बैठक में न्यायिक कार्य से विरत रहने का फैसला लिया गया।
इस दौरान अभिमन्यु पांडेय, रविप्रकाश शुक्ला, सुरेश कुमार, भानुप्रताप पांडेय, प्रियानंद सिंह, रामकिंकर यादव, सुभाष पाल, कमल श्रीवास्तव, राममिलन, विनोद यादव, आशुतोष मिश्रा, अनुज अस्थाना, प्रमोद पासवान, आलोक सिंह, अनूप सिंह, नित्यानंद आदि उपस्थित थे।