चौरीचौरा इलाके में पकड़े प्रेमी युगल।
अपहरण होने का किया नाटक, गई थी प्रेमी के साथ
गोरखपुर। चौरीचौरा से पांच दिन से लापता युवती काजल (23) ने प्रेम विवाह करने के लिए अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी। फिर प्रेमी हरिमोहन (24) के साथ आगरा चली गई थी। रविवार को प्रेमी के साथ गोरखपुर लौटी तो पुलिस ने रेलवे स्टेशन के बाहर गिरफ्तार कर लिया। काजल ने बताया कि अपहरण को साबित करने के लिए ही उसने खुद के सिर पर केमिकल डालकर खून दिखाने की कोशिश करते हुए तस्वीर वायरल की थी। तस्वीर और बदला लेने का एक संदेश पिता के मोबाइल पर भी भेजा था। पुलिस की गिरफ्त में दोनों ने प्रेम करने की बात स्वीकार की और फिर पूरी घटना के बारे में बेबाकी से बताया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ झूठी सूचना देने, आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेजा गया।
इस घटना का चौथा किरदार काजल का फुफेरा भाई राजमणि पुलिस हिरासत में है। उस पर आरोप है कि उसने सच्चाई जानते हुए भी पुलिस को जानकारी नहीं दी। वही बहन को पल-पल की रिपोर्ट दे रहा था। काजल ने आरोप लगाया कि शिक्षक पिता अनिल पांडेय के व्यवहार से क्षुब्ध होकर उसने अतिरेक भरा यह कदम उठाया। पिता उस पर तरह-तरह के चारित्रिक लांछन लगाते थे।
कोर्ट मैरिज करने लौटे थे गोरखपुर
काजल ने बताया कि दोनों की गोरखपुर में कोर्ट मैरिज कर लुकाछिपी का खेल खत्म करने की योजना थी। सीओ चौरीचौरा सुमित शुक्ला ने बताया कि घटना 10 सितंबर को सामने आई थी। छानबीन में पता चला कि काजल एक ऐसे फोन नंबर से प्रेमी और बाद में बुआ के लड़के से बात करती थी, जिसकी घरवालों को जानकारी नहीं थी। इस नंबर को पुलिस ने सर्विलांस पर डाला तो लोकेशन फिरोजाबाद मिली। पुलिस टीम फिरोजाबाद रवाना हुई तब तक दोनों गोरखपुर के लिए निकल चुके थे।