ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की स्मृति में अखिल भारतीय प्राइजमनी कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन मार्च में होगा। पहली बार हो रही इस प्रतियोगिता के लिए रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। सीनियर स्तरीय प्रतियोगिता में 12 प्रदेशों की टीमें हिस्सा लेंगी। विजेता टीम को दो लाख नकद और ट्रॉफी तथा उपविजेता को एक लाख नकद और ट्रॉफी दी जाएगी। तीसरे पायदान वाली टीम को 50 हजार का नकद पुरस्कार मिलेगा।
क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी एके पांडेय ने बताया कि शासन की ओर से पूर्व में ही 16 लाख का बजट स्वीकृत किया जा चुका है। 20 मार्च के बाद प्रतियोगिता का आयोजन होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि के लिए सीएम से बातचीत चल रही है। आचार संहिता की वजह से तिथि अभी निर्धारित नहीं हो सकी है।
ये टीमें हाेंगी शामिल
कबड्डी प्रतियोगिता में हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, चेन्नई, बंगाल, चंडीगढ़, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश सहित 12 प्रदेशों की टीमें शामिल होंगी।
मैट पर होगी कबड्डी
क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि कबड्डी का आयोजन मैट पर होगा। फिलहाल ग्राउंड को बराबर करने का काम चल रहा है। इसे हरा-भरा रखने के लिए नई घास उगाई जा रही है। प्रतियोगिता चार दिनों तक चलेगी।