राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष जूही सिंह ने जिले के दो दिवसीय दौरे के पहले दिन मंगलवार को विभिन्न विभागों में संचालित शासन की योजनाओं की समीक्षा की। सर्किट हाउस में हुई बैठक के दौरान उन्होंने समाजवादी पेंशन, कन्या विद्या धन, लैपटॉप वितरण, कौशल विकास और बाल श्रमिक उन्मूलन अभियान आदि की प्रगति जांची।
बैठक में स्कूल चलो अभियान के बारे में बीएसए द्वारा सही जानकारी नहीं दे पाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी अफसरों को नसीहत दी कि वे हमेशा सरकार की योजनाओं की प्रगति से पूरी तरह से अपडेट रहें।
समाजवादी पेंशन की समीक्षा के दौरान अफसरों ने उन्हें बताया गया कि जिले में 86656 लाभार्थियों को पेंशन दी जा रही है। 1894 खाते विभिन्न कारणों से अस्वीकृत कर दिए गए हैं मगर उन्हें भी ठीक कराया जा रहा है। इसपर आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि यह मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली योजना है, लिहाजा इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। योजनाओं का लोगों को लाभ मिल रहा है या नहीं, यह जांचने के लिए उन्होंने अफसरों से विभिन्न योजाओं से जुड़े कुछ लाभार्थियों को बुधवार को सर्किट हाउस में मिलने बुलाया है।
इसके बाद उन्होंने शाम को जिला अस्पताल में आशा ज्योति केन्द्र, जेई-एईएस वार्ड और मेडिकल कालेज में जेई-एईएस वार्ड और एनआईसीयू का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 181 नंबर के प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया।
बैठक एवं निरीक्षण के दौरान सीडीओ डा. मन्नान अख्तर, परियोजना निदेशक अनिल कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार, जिला कार्यकम अधिकारी हेमन्त सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश, जिला प्रोबेशन अधिकारी समर बहादुर, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं अपर जिला सूचना अधिकारी प्रशांत कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
आज जनसुनवाई करेंगी आयोग की अध्यक्ष
गोरखपुर। राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष बुधवार को बाल श्रमिक उन्मूलन से जुड़े मामलों की जनसुनवाई करेंगी। इस दौरान कोई भी व्यक्ति या संस्था इनसे जुड़े मामलों में आयोग की अध्यक्ष से मुलाकात कर सकता है। सुनवाई सुबह 10 बजे से डेढ़ बजे तक सर्किट हाउस में होगी।