अतिक्रमण हटाने से नाराज लोगों ने बिछिया पीएसी गेट के पास नगर निगम के जेई को घेर लिया। 100 से ज्यादा लोगों के बीच घिर जाने से डरे जेई ने 100 नंबर पर डॉयल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद उन्हें वहां से सुरक्षित निकाला गया।
जल भराव की समस्या दूर करने के लिए नगर निगम की ओर से बिछिया पीएसी गेट के सामने नाला बनवाया जा रहा है। निगम की टीम ने वहां से अतिक्रमण हटवाया। इसेे लेकर लोग नाराज थे। गुरुवार को जब नगर निगम के जेई अवनीश कुमार भारती नाला निर्माण कराने पहुंचे तो नाराज लोगों ने उन्हें घेर लिया और विरोध जताने लगे। घबराए जेई ने निगम के अधिकारियों को फोन लगाया, लेकिन किसी से बात नहीं हो सकी। उन्होंने 100 नंबर पर सूचना दी। इसके बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो लोग हटे। तकरीबन एक घंटे तक काम ठप रहा। पुलिस के आने के बाद काम शुरू हो सका।