1000 करोड़ का निवेश करेगा मॉडर्न लैमिनेटर्स
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। यूपी में निवेश की बेहतर संभावनाओं के बीच गोरखपुर के उद्यमी एवं माडर्न लैमिनेटर्स लिमिटेड के निदेशकों ने गोरखपुर समेत प्रदेश में 1000 करोड़ रुपये निवेश की योजना बनाई है। हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म इंडस्ट्री के विस्तार के लिए प्रदेश सरकार से गोरखपुर के औद्योगिक इलाके में 10 एकड़ भूमि मांगी गई है।
माडर्न लैमिनेटर्स लिमिटेड के निदेशक पवन बथवाल और किशन बथवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भी दिया। उद्यमियों का कहना है कि गोरखपुर के औद्योगिक इलाके में जमीन की मांग की जा रही है। अगर पांच-पांच एकड़ भूमि मिल जाती है तो अलग अलग स्थानों पर होटल की 20 इकाइयां शुरू जाएंगी। कुल 1000 करोड़ रुपये के निवेश की योजना है। शहर में अच्छी औद्योगिक व्यवस्था होनी चाहिए ताकि यहां रहने वालों को शहर छोड़कर दूसरे शहर न जाना पड़े। इसके लिए जरूरी है कि पर्यटन उद्योग के लिए भूमि उपलब्ध कराई जाए। माडर्न लैमिनेटर्स के निदेशक पवन बथवाल, अमित बथवाल, तन्मय बथवाल और वरुण बथवाल ने कहा कि गोरखपुर में होटल इंडस्ट्री में काफी संभावना बढ़ी है।