मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ की तरह गोरखपुर के मानबेला में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाने की हरी झंडी दे दी है। स्टेडियम निर्माण की जिम्मेदारी गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) को मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) से अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की सारी जानकारी मंगाकर काम शुरू कराया जाए। यह काम प्राथमिकताओं में है। इससे पहले जीडीए ने स्टेडियम बनाने की पहल की थी लेकिन शासन से हरी झंडी नहीं मिल सकी थी।
मुख्यमंत्री रविवार को गोरखपुर आए। दोपहर एक बजे आने के साथ ही बैठकों का दौर शुरू हो गया। मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर में पहले नगर विकास, फिर जीडीए से संबंधित विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पांडियन, सीडीओ अनुज सिंह और नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्र के लीडार सर्वे की अंतरिम रिपोर्ट 15 नवंबर तक आएगी। इस आधार पर शहर के 70 वार्डों के नाली, ड्रेनेज सिस्टम को ठीक कराया जाएगा। इसकी रूपरेखा अभी से तैयार कर ली जाए।
चंपादेवी पार्क का सुंदरीकरण होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपादेवी पार्क का सुंदरीकरण जल्द से जल्द कराया जाना चाहिए। पंत पार्क, प्रेमचन्द पार्क का विस्तार भी होगा। कालेसर, नौसड़ के पास शहर के इंट्री प्वाइंट को विकसित करने का निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिया है। कहा है कि शहर आने वालों को बेहतर महसूस हो, इसकी व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने 15 नवंबर तक सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने का निर्देश भी दिया है। मुख्यमंत्री का कहना है कि जो मजरे संपर्क मार्ग से नहीं जुड़े हैं, उनकी सूची उपलब्ध कराई जाए। सभी मजरों को संपर्क मार्ग से जोड़ने की व्यवस्था 100 फीसदी सुनिश्चित की जानी चाहिए।