गोरखपुर में पहली बार इंडियन ग्रामीण क्रिकेट प्रीमियर लीग का आयोजन होने जा रहा है। इसमें हर छक्के पर 500 रुपये इनाम दिए जाएंगे। विजेता टीम को तीन लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा। उपविजेता को दो लाख रुपये दिए जाएंगे, जबकि तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को बतौर इनाम एक लाख रुपये मिलेंगे। यही नहीं, चौथे स्थान पर रहने वाली टीम और मैन आफ द सीरीज को 50-50 हजार रुपये मिलेंगे। प्रतियोगिता का आगाज 24 सितंबर से रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा, जबकि समापन आठ अक्तूबर को।
यह जानकारी गुरुवार को आईजीसीएल के चेयरमैन और प्रदेश सरकार में खेल सलाहकार डॉ. अनुराग भदौरिया और प्रदेश सरकार के स्पोर्ट्स डायरेक्टर डॉ. आरपी सिंह ने सर्किट हाउस में संयुक्त पत्रकार वार्ता में दी। अनुराग ने बताया कि आईजीसीएल का मेन उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र से होनहारों खिलाड़ियों को आगे लाना है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में केवल ग्रामीण क्षेत्र की टीमें ही हिस्सा ले सकेंगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 200 से अधिक टीमें हिस्सा लेंगी। 24 से 30 सितंबर के बीच 5-5 या 7-7 ओवर के मैच होंगे। इसके आधार पर 32 टीमों का चयन किया जाएगा। सभी मैच नॉकआउट होंगे। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी की अधिकतम उम्र 25 साल होगी। प्रतियोगिता टेनिस बाल से होगी।
एक अक्टूबर से होंगे कांटे के मैच
डॉ. अनुराग ने बताया कि 32 टीमों के बीच टी-20 मैच खेले जाएंगे। हर मैच में मैन ऑफ द मैच का भी पुरस्कार दिया जाएगा। साथ ही सभी 32 टीमों को किट दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इससे पहले प्रदेश में झांसी, बरेली, बनारस, लखनऊ मंडल में प्रतियोगिता का सफल आयोजन हो चुका है। यहां होने वाली प्रतियोगिता में गोरखपुर के अलावा बस्ती, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर के ग्रामीण क्षेत्रों की भी टीमें हिस्सा लेंगी। मैन आफ द सीरीज चुने गए खिलाड़ी को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।