गोरखपुर। अब इंसेफेलाइटिस मरीजों की ऑनलाइन रिपोर्टिंग होगी। शासन ने इसके लिए सभी स्वास्थ्य अफसरों को 16 फरवरी को लखनऊ बुलाया गया है। राज्य सर्विलांस अधिकारी ने इस संबंध में पत्र जारी किया है। अफसरों से वर्ष 2015 के मरीजों की सेहत रिपोर्ट भी मांगी गई है। इसे लेकर वह बैठक में जाएंगे, ताकि जल्द से जल्द ऑनलाइन रिपोर्टिंग शुरू हो सके।
इंसेफेलाइटिस को लेकर शासन ने गंभीरता दिखाई है। हर भर्ती मरीज की तत्काल जानकारी हो सके इसके लिए ऑनलाइन व्यवस्था शुरू की जा रही है। बैठक में जिला सर्विलांस अधिकारी, डाटा मैनेजर और मेडिकल कालेज में तैनात डाटा ऑपरेटर को बुलाया गया है। इसके पीछे की मंशा है कि मरीज की जानकारी होते ही उसकी निगरानी शुरू हो जाए अफसर इसमें कहीं से लापरवाही न बरत पाएं। एक- एक मरीज पर शासन की सीधी नजर रहेगी। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एके पांडेय ने बताया कि ऑनलाइन इंसेफेलाइटिस मरीजों की रिपोर्टिंग होनी है। इसके लिए पत्र आ चुका है।16 फरवरी को लखनऊ में बैठक होनी है।