शासन के निर्देश पर मंडल के सभी जिलों में सड़कों, चौराहों समेत सार्वजनिक स्थलों पर बने धार्मिक स्थलों की रिपोर्ट गृह विभाग को भेज दी गई है। अवैध धार्मिक स्थलों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के एक बार फिर सख्त रुख अख्तियार करने के बाद शासन ने सभी जिलों से रिपोर्ट मांगी थी।
कमिश्नर पी. गुरु प्रसाद ने बताया कि सभी जिलों से रिपोर्ट मंगाकर भेज दी गई है। मंडल में 1055 ऐसे धार्मिक स्थल चिह्नित किए गए हैं। इनमें देवरिया में सर्वाधिक 465, गोरखपुर में 405, कुशीनगर में 94 और महराजगंज में 89 धार्मिक स्थल शामिल हैं।
बता दें कि 2009-10 में सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद प्रशासन ने सार्वजनिक स्थलों पर बने धार्मिक स्थलों को लेकर सख्ती शुरू की थी, मगर सूबे में कई जगहों पर कानून व्यवस्था बिगड़ने के भय से शासन ने किसी प्रकार की कार्रवाई पर रोक लगा दी। सभी जिला प्रशासन से सिर्फ स्थल चिह्नित करने और उनकी रिपोर्ट भेजने को कहा गया। तत्कालीन कमिश्नर पीके महांति के निर्देश पर यहां भी मंडल के सभी जिलों में अभियान चलाकर ऐसे धार्मिक स्थलों को चिह्नित किया गया।