दहेज हत्या के आरोपी पति, सास और ससुर गिरफ्तार
गगहा में महिला और उसकी दो बेटियों को जलाकर मार डालने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
गगहा (गोरखपुर)। इलाके के हरैया गांव में दहेज के लिए मां और उसकी दो बेटियों को जलाकर मार डालने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को पति जयप्रकाश, ससुर विभूति और सास गिरिजा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। उधर महिला के पिता ने तीनों शवों का अंतिम संस्कार किया।
बृहस्पतिवार की दोपहर हरैया गांव निवासी सीमा (32), छोटी बेटी शिवन्या (3) और शिखा (5) की जलने से मौत हो गई। मायके वालों ने पति समेत अन्य ससुराल वालों पर दहेज के लिए जलाकर मार डालने का आरोप लगाया। महिला के पति जयप्रकाश ऊर्फ बब्लू चौरीचौरा तहसील क्षेत्र के ब्रह्मपुर विकास खंड में सफाई कर्मी है। जयप्रकाश की शादी 2013 में क्षेत्र के भेड़ी गांव निवासी सीमा से हुई थी। सीमा के पिता रूपनारायण के अनुसार शादी के बाद से दहेज के लिए बेटी का उत्पीड़न शुरू हो गया था। पति, ससुर और सास अक्सर मारपीट करते थे। इसकी जानकारी सीमा ने कई बार मायके वालों को दी थी।