पिता ने लगाया आरोप, बच्चे को 40 मिनट तक स्कूल गेट पर रोका फिर घर जाने को कहा
गोरखपुर। एचपी डिफेंस एकेडमी सिविल लाइंस में कक्षा दो के विद्यार्थी के अभिभावक रजनीश सिंह ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सीएम को भी पत्र लिखा है। आरोप लगाया है कि स्कूल पहुंचने में थोड़ी देर होने पर उनके बेटे को 40 मिनट तक गेट के बाहर ही खड़ा रखा गया।
बेटा प्रतिदिन ऑटो से समय से स्कूल जाता है। 23 नवंबर को भी सुबह 7:30 बजे स्कूल के लिए ऑटो से निकला था। रास्ते में ऑटो खराब हो गया। लिहाजा उसे स्कूल पहुंचने में पांच मिनट की देरी हो गई। इसकी वजह से पहले से गेट के बाहर मौजूद चार विद्यार्थियों के साथ उनके बेटे को भी बाहर ही खड़े रखा गया। इसी बीच 15 से 20 मिनट के बाद स्कूल के प्रधानाचार्य गेट पर आए। उन्होंने बिना अभिभावकों को सूचित किए ही बच्चों को घर जाने के लिए बोल दिया।
इनसब के बीच उनका बेटा 40 मिनट तक गेट पर खड़ा रह गया। ऐसा करना गलत है और इससे बच्चे मानसिक रुप से प्रताड़ित हुआ है। बताया कि स्कूल के बाहर खड़े बेटे को एक दूसरे ऑटो में बैठे बच्चे ने पहचाना। इसके बाद उसी ऑटो वाले ने बेटे को घर पहुंचाया। उन्होंने कहा कि प्रधानाचार्य की लापरवाही से उनके बेटे के गुम होने की पूरी आशंका थी। उन्होंने शिकायत करने पर प्रधानाचार्य की ओर से पुलिस से शिकायत करने की धमकी तक दी गई। उन्होंने न्याय की गुहार की है।
बच्चे को हर हाल में स्कूल के अंदर लिया जाता है। अगर बच्चे को विलंब हो भी गया तो उन्हें स्कूल के अंदर वेटिंग लाउंज में बैठाया जाता है। इसके बाद अभिभावकों को जानकारी दी जाती है। दरअसल, स्कूल लाने वाले आटो रिक्शा वालों की मनमानी की वजह से बच्चों को स्कूल आने में देरी हो जाती है। एक साथ कई स्कूल के बच्चों को वे बिठाते हैं और स्कूल छोड़ने की वजह रोड पर ही छोड़ देते हैं। अभिभावक का आरोप सरासर गलत है।
आरएन राय, प्रशासनिक अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन