दिवाली पर मुसाफिरों की भीड़ को देखते हुए रोडवेज के ट्रैफिक इंस्पेक्टरों की छुट्टी पर रोक लगा दी गई है। उन्हें 30 अक्टूबर तक 24 घंटे गोरखपुर, बस्ती मंडलों के विभिन्न रूटों पर चेकिंग करने का आदेश दिया गया है।
दिवाली पर लखनऊ, कानपुर, दिल्ली सहित विभिन्न रूटों पर चलने वाली रोडवेज की बसों पर यात्रियों के अलावा सामान का भी दबाव बढ़ जाता है। कई बार ऐसा होता है कि भीड़ अधिक होने पर कम दूरी के यात्रियों को परिचालक टिकट ही नहीं देते। इससे राजस्व का नुकसान होता है। इसके अलावा बसों में सामान तो रख लिया जाता है, मगर जब जांच होती है तो उसका कोई वारिस ही नहीं मिलता। यही नहीं, चालक-परिचालक बस की पिछली सीट पर काफी सामान लोड कर लेते हैं और इससे भीड़ होने पर यात्रियों को बैठने की जगह नहीं मिल पाती। इसके अलावा चालकों-परिचालकों के नशे में होने की शिकायतें भी रोडवेज के अधिकारियों को मिलती रहती हैं। लिहाजा क्षेत्रीय प्रबंधक ने सभी टीआई की छुट्टी पर रोक लगा दी गई है।
तीन गोपनीय स्क्वॉड का भी गठन
क्षेत्रीय प्रबंधक ने तीन स्क्वॉड टीम का भी गठन किया है। प्रत्येक टीम की कमान यातायात अधीक्षक के हाथों में होगी। टीम को औचक चेकिंग के लिए क्षेत्रीय प्रबंधक की ओर से प्रतिदिन रूट चार्ट उपलब्ध कराया जाएगा।
गोरखपुर और बस्ती मंडल के कई रूटों से गुजरने वाली रोडवेज बसों की जांच-पड़ताल के लिए ट्रैफिक इंस्पेक्टर, स्क्वॉड टीम के अलावा सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों की भी ड्यूटी लगाई गई है, जो दिवाली तक सघन चेकिंग करेंगे।
- एसके राय, क्षेत्रीय प्रबंधक, गोरखपुर-बस्ती मंडल