मोहब्बत में पति को दगा देने वाली महिला को हिमाचल पुलिस साथ ले गई। पिपराइच इलाके में प्रेमी के घर रह रही महिला को ले जाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। विदेश में रहने वाले प्रेमी से बात कराने को लेकर उसने थाने में भी बवाल मचाया।
पिपराइच के वार्ड नंबर दस पोखरा टोला के वीरेंद्र पंजाब की एक बीमा कंपनी में नौकरी करते थे। साथ में काम करने वाले हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा निवासी प्रवीण से उनकी दोस्ती हो गई। दोस्ती गहराई तो घर पर आना-जाना शुरू हो गया। इसी दौरान प्रवीण की पत्नी मनीषा राणा को वीरेंद्र से मोहब्बत हो गई और पति और बच्चों को छोड़कर वह वीरेंद्र के साथ उसके गांव पिपराइच चली आई। उधर, पति ने वीरेंद्र पर अपहरण का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामला कोर्ट पहुंचा तो कोर्ट ने सर्च वारंट जारी कर दिया, जिसके बाद कांगड़ा पुलिस मनीषा की तलाश में बृहस्पतिवार को पिपराइच पहुंची।
स्थानीय पुलिस से संपर्क कर हिमाचल पुलिस के सब इंस्पेक्टर पवन कुमार, हेड कांस्टेबल रामप्यारी देवी वीरेंद्र के घर पहुंचे और मनीषा को हिरासत में ले लिया। वीरेंद्र के घरवालों ने विरोध किया लेकिन पुलिस के सख्त रवैये के चलते उनकी एक न चली और महिला को थाने ले आई। इस समय वीरेंद्र विदेश में नौकरी के सिलसिले में गया हुआ है। उससे बात कराने को लेकर थाने में भी मनीषा ने बवाल मचाया, मगर पुलिस उसे लेकर हिमाचल चली गई। पिपराइच पुलिस का कहना है कि हिमाचल प्रदेश की पुलिस सर्च वारंट के साथ आई थी। महिला को साथ लेकर वह चली गई।