कक्षा छह और आठ के दो छात्रों व एक युवक ने दुष्कर्म में नाकाम रहने पर कक्षा छह की छात्रा को गला घोंटकर मार डाला था। हत्या के बाद शव को गांव के बाहर स्थित स्कूल के पास बोरे में भरकर रख दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मंगलवार को वारदात का पर्दाफाश कर दिया। घटना बांसी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। नाबालिग होने के कारण दो आरोपियों को बस्ती बाल सुधार गृह भेज दिया गया है, जबकि आरोपी सुजीत कुमार को जेल भेज दिया गया है।
मंगलवार को पुलिस लाइंस में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एसपी डॉ. धर्मबीर सिंह ने बताया कि बांसी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रविवार दोपहर कक्षा छह में पढ़ने वाली छात्रा भैंस चराने निकली थी। शाम करीब चार बजे गांव के स्कूल के पास बोरे में उसकी लाश मिली थी। केस दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही थी।
जांच में यह बात सामने आई कि गांव के तीन लोगों ने उसकी हत्या की है। सूचना के आधार पर कोतवाल बांसी रविंद्र कुमार सिंह व स्वाट प्रभारी पंकज शाही टीम ने तीनों को पकड़ कर जब पूछताछ शुरू की। उन्होंने दुष्कर्म में नाकाम रहने पर हत्या की बात स्वीकार कर ली। एक आरोपी कक्षा छह (11), दूसरा कक्षा आठ (13) का छात्र है।
वहीं तीसरा आरोपी बालिग है। एसपी ने वारदात का पर्दाफाश करने वाली टीम को पांच हजार रुपये का इनाम दिया है। टीम में एसओ बांसी रविंद्र कुमार सिंह, स्वाट टीम प्रभारी पंकज शाही, स्वाट टीम के एसआई दीपक कुमार दुबे, एसआई सुरेंद्र कुमार, एसआई शशांक सिंह, आरक्षी प्रभाकर राय सिंह, दीपक गोविंद राव, गट्टू पांडेय, विवेक मिश्रा आदि शामिल रहे।