एमएमयूटी में स्थापना दिवस के लिए सजा मंच।
- फोटो : Amar Ujala
एमएमएमयूटी के स्थापना दिवस समारोह में राज्यपाल राम नाईक मेधावियों को सम्मानित करेंगे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर पूर्व एल्युमिनाई एवं नेशनल हाइड्रो पावर कॉर्पोरेशन के एमडी केएम सिंह होंगे। इस उपलक्ष्य में एक दिसंबर को कार्यक्रमों की विधिवत रूपरेखा तैयार की गई है।
रजिस्ट्रार केपी सिंह ने बताया कि यूनिवर्सिटी के स्थापना दिवस को यादगार बनाने के लिए तैयारी पूरी कर ली गई हैं। इस मौके पर न सिर्फ 2015-16 के टॉपर्स को मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा बल्कि कई अन्य कार्यक्रम भी होंगे। स्थापना दिवस की संध्या पर विद्यार्थियों की ओर से एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने की तैयारी कैंपस में बुधवार को भी जारी रही। अपराह्न तीन बजे यूनिवर्सिटी के बहुउद्देशीय हाल में सांस्कृतिक संध्या एवं हास्य कवि सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन होगा। इससे पहले कुलाधिपति राम नाईक दोपहर 12.30 बजे से पूर्व टॉपरों को मेडल देकर सम्मानित करेंगे। इस मौके पर कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहेंगे।
चाक-चौबंद होगी सुरक्षा व्यवस्था
कुलाधिपति के आगमन को लेकर यूनिवर्सिटी गेट से लेकर आयोजन स्थल तक चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था का खाका खींचा गया है। यूनिवर्सिटी में आने वाले लोगों को विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से प्रवेश पास जारी किए गए हैं। विद्यार्थियों के अलावा जो भी कैंपस में दाखिल होंगे, उनके लिए पास अनिवार्य किया गया है। रजिस्ट्रार ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह में बिना पास के लोगों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
सज गया पंडाल
यूनिवर्सिटी कैंपस में स्थापना दिवस समारोह के लिए मंच एवं पंडाल की साज-सज्जा का काम बुधवार को ही पूरा कर लिया गया। कैंपस परिसर में सजे इस पंडाल में मंच के पीछे बड़े आकार का फ्लैक्स लगाया गया है। साथ ही पंडाल में बैठने की व्यवस्था के लिए कुर्सियां भी दोपहर बाद सजा दी गई थीं।