प्रदेश स्तरीय माध्यमिक विद्यालययी बास्केटबॉल प्रतियोगिता के गुरुवार को खेले गए फाइनल मुकाबलों में गोरखपुर ने तीन वर्गों में सफलता हासिल की। मेजबान बालक जूनियर व सीनियर दोनों वर्गों में, जबकि बालिकाएं जूनियर वर्ग में विपक्षी टीमों पर भारी पड़ीं। सीनियर बालिका वर्ग में वाराणसी, इलाहाबाद को हराकर चैंपियन बना।
एमपी आर्य कन्या इंटर कॉलेज में तीन अक्टूबर से शुरू हुई प्रतियोगिता का फाइनल गुरुवार को खेला गया। सीनियर बालक वर्ग में गोरखपुर ने मेरठ मंडल को 37-20 से पीटा। वहीं तीसरे स्थान के लिए वाराणसी एवं लखनऊ टीम के बीच मुकाबला होना था, लेकिन वाराणसी के बिना खेले ही चले जाने से लखनऊ टीम को कांस्य पदक दे दिया गया। जूनियर वर्ग का फाइनल गोरखपुर एवं आगरा के मध्य खेला गया। एकतरफा रहे मैच में 35-17 से मेजबान टीम ने जीत हासिल की। इस वर्ग में भी वाराणसी टीम के चले जाने से लखनऊ को तीसरा स्थान मिल गया।
वहीं बालिका सीनियर वर्ग में वाराणसी का मुकाबला इलाहाबाद से हुआ। कड़ी टक्कर में वाराणसी ने 47-44 के जीत हासिल की। तीसरे स्थान के लिए लखनऊ एवं फैजाबाद के बीच एकतरफा मुकाबला हुआ, जिसमें 40-0 के भारी अंतर से बाजी लखनऊ के नाम रही। जूनियर बालिका वर्ग का मुकाबला गोरखपुर बनाम लखनऊ के मध्य हुआ। कड़ी टक्कर में मेजबान टीम ने 16-08 से जीत हासिल की। गोरखपुर की ओर से निकिता थापा और सुमिरा लामा ने छह-छह प्वाइंट बनाए। तीसरे स्थान के लिए हुए मैच में सहारनपुर के खिलाड़ियों के नहीं आने से इलाहाबाद को वाकओवर दे दिया गया। खेल के निर्णायक स्कंद राय, शिवशंकर प्रसाद, अरुण शुक्ला, विनय गौड़, विनय पांडेय, दिलीप निषाद, राजेश यादव, मनीष श्रीवास्तव, मो. अफरोज, सुनील, रोहित शर्मा, करुणेश शुक्ला, एहतेशाम, देवेंद्र सिंह, किशन शर्मा, नुरुद्दीन अहमद रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच जेडी ने बांटे पुरस्कार
एमपी आर्य कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित समापन समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से छात्राओं ने उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। राजस्थानी गीत पर मोहक नृत्य, ‘बेटियां अभिशाप नहीं’ नाटक का मंचन और शिव तांडव से छात्र-छात्राओं ने मौजूद लोगों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में एडी, एमपी इंटर कॉलेज एवं एमपीपी आर्य कन्या कॉलेज के छात्र-छात्राएं शामिल थीं। अंत में जेडी सतीश सिंह ने विजेता, उपविजेता व तीसरे स्थान पर रही टीमों के खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर ट्रॉफी प्रदान की। इस दौरान सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक ओमदत्त सिंह, केके यादव, केके जायसवाल, योगेन्द्र यादव, रंजना गुप्ता आदि मौजूद रहीं।