गोरखपुर रेलवे विजिलेंस को पार्सल घर में चेकिंग के दौरान गोरखधाम एक्सप्रेस के एसएलआर बोगी में बुक सामान में अनियमितताएं मिली हैं। ट्रेन में बुकिंग से आठ क्विंटल ज्यादा माल लोड किए गए थे।
विजिलेंस ने ओवरलोड का केस दर्ज कर सामान बुक कराने वाली फर्म के खिलाफ 38 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। फर्म को लीज का लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी दी है। साथ ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी दी। रेलवे विजिलेंस की टीम तीन दिनों से लगातार छापेमारी कर रही है। टीम को सूचना मिली थी कि पार्सल घर में सेटिंग कर ठेकेदार और व्यापारी ज्यादा माल मंगाते हैं। बदले में कर्मचारियों को तय भुगतान करते हैं।
दो टीसी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू
रेलवे स्टेशन के टीसी दफ्तर पर छापेमारी में जिन दो टीसी के पास ज्यादा रुपये मिले थे उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। रेलवे विजिलेंस की सूचना पर अब विभाग ने एक्शन लिया है। जल्द ही दोनों को चार्जशीट दी जा सकती है।