नंदानगर में नाले की दीवार गिरने के बाद निरीक्षण करने पहुचें नगर विधायक डॉ. आरएमडी अग्रवाल।
नगर विधायक डॉ. आरएमडी अग्रवाल के निरीक्षण में नंदानगर अंडरपास के निर्माण कार्यों में गड़बड़ी की पोल खुल गई है। अंडरपास की छत टपक रही है। लोक निर्माण विभाग की तरफ से बनवाए गए नए नाले की 25 मीटर दीवार बारिश में ढह चुकी है। विधायक का कहना है कि नाले के दीवार के निर्माण में भ्रष्टाचार हुआ है। दीवार में एक सरिया तक नहीं डाली गई। इसकी पाइलिंग भी नहीं कराई गई। विधायक ने विभाग के अभियंता और तत्कालीन कमिश्नर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
नगर विधायक ने मंगलवार को नंदानगर अंडरपास का निरीक्षण किया। अंडरपास के ज्यादातर हिस्से में जलभराव है। इससे यातायात व्यवस्था ठप है। नाराज विधायक ने लोक निर्माण विभाग के अफसरों को आड़े हाथ लिया। कहा कि यह अंडरपास जमीन से 18 फिट नीचे है। जल निकासी की बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
अक्तूबर में ही अफसरों को आगाह किया गया था। कहा गया था कि यदि जल निकासी की बेहतर व्यवस्था नहीं हुई तो इस अंडरपास का हाल भी धर्मशाला जैसा होगा। अब वही स्थिति आ गई है। यह मामला तत्कालीन कमिश्नर के संज्ञान में लाया गया था लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। जमीन के नीचे संभवत: तीन मीटर लंबी और चार फुट नीचे ह्यूम पाइप डाली गई है। इसका चैंबर नहीं बनाया गया है।
यदि लाइन चोक हुई तो जलनिकासी बिल्कुल बंद हो जाएगी। ऐसा हुआ तो नंदानगर, सैनिक कुंज और सैनिक विहार में जबरदस्त जलभराव होगा। विधायक ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देंगे। विकास कार्यों में लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर विधायक ने अक्तूबर 2018 में छपी ‘अमर उजाला’ की उस खबर का जिक्र भी किया, जिसका शीर्षक था ‘कहीं धर्मशाला जैसा न हो नंदानगर अंडरपास का हाल’।
नाले की दीवार का अस्थायी निर्माण हुआ है। इसका किसी तरह का भुगतान नहीं किया गया। अंडरपास में रेलवे की तरफ से 26 बॉक्स डाले गए हैं। बॉक्स के पास से ही पानी रिस रहा है। अब रेलवे की तरफ से रिसाव ठीक किया जा रहा है। - रामजीत प्रसाद, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड पीडब्लूडी