बंगलूरू की फ्लाइट 2.30 घंटे, कोलकाता की आधे घंटे लेट रवाना
गोरखपुर। खराब मौसम की वजह से बंगलूरू की फ्लाइट सोमवार को तय समय से ढाई घंटे देर से उड़ान भर सकी। वहीं इस फ्लाइट के देर होने से कोलकाता की फ्लाइट भी आधे घंटे देर से उड़ी। दोनों फ्लाइट के लेट होने से एयरपोर्ट पर सैकड़ों की संख्या में यात्री और उन्हें रिसीव व छोड़ने गए लोग परेशान हुए।
टर्मिनल में बैठने तक की जगह नहीं बची और कई यात्री खड़े होकर फ्लाइट का इंतजार करने को विवश हुए। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक बंगलूरू में खराब मौसम के चलते वहां से 1:45 बजे उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट सोमवार को करीब ढाई घंटे देर से उड़ान भर सकी। इसी वजह से गोरखपुर से बंगलूरू जाने वाली फ्लाइट भी तय समय से ढाई घंटे बाद गई। यही नहीं इस फ्लाइट के देर होने से चार बजे कोलकाता के उड़ान भरने वाली फ्लाइट भी आधे घंटे बाद उड़ान भर सकी।