उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से सेंट एंड्रयूज कॉलेज के मैदान में रविवार को खेले गए क्रिकेट मैच में गोरखपुर की टीम ने बस्ती को धूल चटा दी। 45 ओवर में ही गोरखपुर टीम के गेंदबाजों ने बस्ती की टीम को पवेलियन लौटा दिया और 114 रन से मैच जीत लिया।
टॉस जीतकर बस्ती की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। गोरखपुर से बल्लेबाजी करते हुए संकल्प मिश्रा ने ताबड़तोड़ प्रदर्शन किया और 89 रन बनाए। विजय ने 52 रन, अभिषेक ने 37 रन और प्रशांत ने 32 का योगदान दिया। इसी तरह से आदित्य ने 30 और आकाश राघवन ने 26 रनों की पारी खेलते कुल 305 रन का स्कोर खड़ा दिया। गेंदबाजी में बस्ती की ओर से रुद्र प्रताप सिंह ने तीन विकेट, फराज अंसारी, आलोक और इमरान खान ने 2-2 विकेट चटकाए।
जवाबी बल्लेबाजी में उतरी बस्ती टीम के खिलाड़ियों के लिए गोरखपुर टीम के गेंदबाजों का सामना करना काफी मुश्किल हो रहा था। गेंदबाजों ने अधिकाधिक गेंद मिस करवाए और 45 ओवर में बस्ती की टीम 191 रन पर आल आउट करके खेल खत्म कर दिया। बस्ती की ओर से सत्येंद्र ने नाबाद 56 रन, ज्ञानेंद्र ने 34, आलोक ने 28 और विपिन ने 21 रन का योगदान दिया। जबकि गेंदबाजी में गोरखपुर की ओर से प्रिंस शाही और शशिकांत ने 3-3 विकेट गिराए। किशन, अजीत और आशुतोष ने 1-1 विकेट गिराया।