विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों को रौंदने वाली कार
अनियंत्रित कार ने विसर्जन करने जा रहे लोगों को रौंदा, चार घायल
गोरखपुर। राजघाट इलाके के हाबर्ट बंधे पर बसंतपुर नरकटिया के पास मंगलवार रात करीब 9 बजे लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों को एक अनियंत्रित कार ने रौंद दिया। हादसे में छह साल की बच्ची समेत चार लोग घायल हो गए। बच्ची और महिला को गंभीर चोट आई है। हादसे के बाद चालक कार लेकर भागने लगा। लोगों ने पीछा कर उसे लाल डिग्गी पार्क के पास पकड़ लिया और कार में सवार तीन लोगों को पीटकर घायल कर दिया। उन्होंने कार का शीशा भी तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।
कार की चपेट में आने से बसंतपुर निवासी फूलमती देवी, चंचल (6), सनी और ज्योतिष घायल हो गए। वही लोगों की पिटाई से कार चालक महताब अहमद, बसंतपुर निवासी व्यापारी इकबाल की पत्नी रूबी बानो, बच्चे अजूबा और अदनान को चोट आई है।
मंगलवार रात लक्ष्मी प्रतिमा को विसर्जन के लिए लोग नाचते-गाते राजघाट स्थित राप्ती नदी ले जा रहे थे। तभी हाबर्ट बंधे पर बसंतपुर नरकटिया के पास एक तेज रफ्तार कार ने जुलूस में शामिल सनी और ज्योतिष को ठोकर मार दी।
जुलूस में शामिल लोगों को उग्र देख कार चालक ने भागने के लिए तेज रफ्तार में बैक किया। इससे कार के पीछे खड़ी छह साल की बच्ची चंचल और फूलमती देवी चपेट में आ गई। इसके बाद जुलूस में अफरा-तफरी मच गई। चालक कार लेकर भागने लगा। लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। कार में तोड़फोड़ करने के साथ ही उसमे मौजूद लोगों की पिटाई कर दी। कार चालक महताब लखनऊ निवासी बताया जा रहा है। वह बसंतपुर निवासी व्यापारी मोहम्मद इकबाल के दोस्त उबेद के कार से व्यापारी की पत्नी और बच्चों को लेकर उजवा गया था, जहां से लौटने के दौरान हादसा हुआ है। कार सवार व्यापारी की पत्नी ने थाने में तहरीर दी है।