गोरखनाथ मंदिर में बढ़ी फरियादियों की संख्या और सीएम विजिट को देखते हुए मंदिर की सुरक्षा और कड़ी करने की योजना बनाई जा रही है। इस सिलसिले में लखनऊ से आए आईजी सिक्योरिटी मुथा अशोक जैन ने शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर का निरीक्षण कर सुरक्षा प्लान तैयार किया है। सीएम के सामने फाइल पेश करने के बाद ही इस पर अंतिम मुहर लगेगी और फिर व्यवस्था तय की जाएगी।
योगी आदित्यनाथ के सीएम बनने के बाद से ही गोरखनाथ मंदिर में फरियादियों की संख्या काफी बढ़ गई हैं। मंदिर में पहले से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रहती थी। इन सब के बीच सीएम के विजिट पर प्रोटोकाल का भी ख्याल रखना होता है। इसे देखते हुए बीते दिनों मंदिर की सुरक्षा में इजाफा भी किया गया था। एक राजपत्रित अधिकारी की देखरेख में अस्थायी चौकी भी बनाई गई, लेकिन लगातार बढ़ती भीड़ और सुरक्षा को लेकर यह नाकाफी दिख रहा है। इस पर शासन की ओर से मंदिर की सुरक्षा का प्लान बनाने के लिए आईजी सिक्योरिटी को भेजा गया था। शुक्रवार को आईजी ने निरीक्षण कर खाका तैयार किया और दोपहर में ही लखनऊ रवाना हो गए।
डेढ़ घंटे मंदिर में रहे आईजी सिक्योरिटी
आईजी सिक्योरिटी मुथा अशोक जैन करीब डेढ़ घंटे तक मंदिर में रहे। इस दौरान डीआईजी और एसएसपी के साथ उन्होंने मंदिर के कोने-कोने की सुरक्षा परखी। पुलिस अफसरों के मुताबिक मंदिर की सुरक्षा का खाका तैयार हुआ है, जिसे लखनऊ में ही अंतिम रूप दिया जाएगा।
सुरक्षा कड़ी करने के लिए होगी ये व्यवस्था
0 गोरखनाथ मंदिर के आसपास की बड़ी इमारतों की निगरानी होगी
0 रोजाना आने वाली भीड़ के हिसाब से मंदिर की सुरक्षा होगी
0 मंदिर सुरक्षा में एक सीओ लेबल के अफसर की तैनाती हो सकती है
0 भगदड़ या किसी अनहोनी से निपटने के लिए व्यापक व्यवस्था होगी
0 मंदिर में आने-जाने वालों की जांच के लिए अत्याधुनिक मशीनों का इस्तेमाल होगा
0 मंदिर में दुकान लगाने वाले और काम करने वालों को पहचान पत्र मिलेगा
ये हो सकते हैं बदलाव
0 मंदिर परिसर से अस्थायी दुकानें कम होंगी
0 पार्किंग के साथ ही मेले वाले दिनों की तरह बैरीकेटिंग होगी
0 मंदिर के आसपास की इमारतों पर भी सुरक्षाकर्मी तैनात होंगे