गगहा क्षेत्र के गुरुम्ही संस्कृत महाविद्यालय परिसर में खुदाई के दौरान सोने और चांदी के सिक्के मिलने से लोग भौचक रह गए। गगहा पुलिस ने खुदाई करा रहे संदीप त्रिपाठी के पास से 43 सिक्के, एक लुटिया और टूटे मटके बरामद किए हैं। रविवार की सुबह गांव के कुछ बच्चे खुदाई करने चले गए थे। उन्हें भी कुछ सिक्के मिले जिन्हें संदीप ने ले लिए। इस दौरान उनमें झड़प भी हुई।
सोहगौरा गांव में स्थित संस्कृत महाविद्यालय परिसर में खंडहर है। प्रबंधक परिवार के एक सदस्य संदीप तिवारी परिसर में ही निजी भवन का निर्माण करा रहे हैं। मिट्टी खोदने के लिए जेसीबी आई थी। शनिवार को अपराह्न करीब तीन बजे खुदाई के दौरान जेसीबी और ट्राली पर काम कर रहे मजदूरों को मिटटी में सोने और चांदी के सिक्के दिखाई पड़े। 200 से ज्यादा सिक्के संदीप ने अपने कब्जे में ले लिए। उधर, ग्रामीणों ने घटना की जानकारी 100 नंबर पर दे दी। रात करीब नौ बजे पुलिस पहुंची और बिना कार्रवाई किए लौट गई।
उधर, रविवार की सुबह ग्रामीणों का हुजूम महाविद्यालय परिसर में पहुंच गया। उन्होंने खुदाई की तो 200 से ज्यादा सिक्के मिले। इन सिक्कों को ग्रामीणों ने अपने पास रख लिया। बकौल ग्रामीण, संदीप ने कुछ बच्चों को मिले सिक्के नकली बताकर ले लिए। कुछ बच्चों से उन्होंने सिक्के टॉफी का लालच देकर लिया। ग्रामीणों की मानें तो मौके से करीब पांच सौ सिक्के मिले हैं। रविवार को एसडीएम बांसगांव नलिकांत सिंह और थानेदार गगहा मनोज पाठक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच कर आश्वासन दिया।