गोरखपुर। बहुजन समाज पार्टी के पनियरा से विधायक देव नारायण सिंह उर्फ जीएम सिंह को पार्टी सुप्रीमो मायावती ने गोरखपुर लोकसभा का प्रभारी व सुरक्षित विधानसभा सीटों खजनी व बांसगांव का प्रभारी बनाया है। इसकी पुष्टि जिला अध्यक्ष सुरेश कुमार ने की। जीएम सिंह को मिली इस जिम्मेदारी पर उनके शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है।
सहजनवां से विधायक रह चुके जीएम सिंह बसपा सरकार में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री भी रह चुके हैं। सहजनवां क्षेत्र के निवासी जीएम सिंह बहुजन समाज पार्टी के साथ पिछले कई सालों से जुड़े रहे हैं और पार्टी न उन्हें लगातार कई विधान सभा चुनावों से अपने प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतारा है। 2012 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें महराजगंज जनपद की पनियरा सीट से प्रत्याशी बनाया था। इस चुनाव में भी जीएम सिंह ने सफलता हासिल की थी। पार्टी सूत्रों की मानें तो उन्हें जल्द ही गोरखपुर मंडल की सभी सुरक्षित विधानसभा सीटों का प्रभारी बनाया जा सकता है।