गोरखपुर। अगर आपकी योजना गीडा इलाके में आवासीय प्लाट लेने की है तो यह जल्द पूरी होने वाली है। गीडा प्रशासन आवासीय विस्तारीकरण योजना के अंतर्गत सेक्टर 23 में करीब 106 प्लाटों का आवंटन करने जा रहा है। गीडा के प्लानिंग सेक्शन ने इसका खाका तैयार कर लिया है।
आवासीय इलाके की खासियत 24 घंटे बिजली, चौड़ी सड़कें, हरेक सेक्टर में बड़ा सा पार्क आदि है। इन्हीं खासियतों की वजह से गीडा में सेक्टर 5 और 23 में करीब-करीब सभी प्लाटों का आवंटन हो चुका है। साथ ही लगातार इसकी मांग बनी हुई है। यही वजह है कि गीडा प्रशासन की ओर से सेक्टर 23 की आवासीय योजनाओं का विस्तार किया जा रहा है। विस्तारीकरण योजना के अंतर्गत सेक्टर 23 में करीब 3.25 एकड़ में आवासीय के अलावा कामर्शियल प्लाट तैयार किए जाएंगे। आगे की तरफ कामर्शियल प्लाट होंगे, जबकि पीछे आवासीय प्लाटों का आवंटन किया जाएगा। आवासीय प्लाटों में रहने वाले लोगों के लिए बड़ा सा पार्क बनाने की भी गीडा प्रशासन की योजना है।
सेक्टर 23 में आवासीय योजना का विस्तारीकरण किया जाएगा। 24 दुकानों के अलावा 106 आवासीय प्लाट आवंटित किए जाएंगे। कुल 3.25 एकड़ में विकसित किए जाने वाली इस आवासीय कॉलोनी के बीच में एक पार्क भी बनाया जाएगा।
- शार्दुल विक्रम तिवारी, प्रबंधक नियोजन, गीडा