जीडीए बोर्ड की बैठक में इस बार 300 करोड़ रुपये का बजट पेश होगा। इससे कई अहम योजनाओं का क्रियान्वयन होना है। रामगढ़ हाइट्स योजना के तहत व्यवसायिक कांप्लेक्स बनना है। जीडीए रामगढ़ताल में वाटर स्पोर्ट्स के लिए दो एकड़ जमीन भी देने जा रहा है। ऑडिटोरियम के साथ 12.5 एकड़ में नुमाइश ग्राउंड तैयार करने की भी योजना है। 21 को होने वाली बोर्ड बैठक में इन्हें स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। जीडीए वीसी ओएन सिंह ने बताया कि शहर के विकास के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए जमीन की चुनौती
सूबे की सत्ता में भाजपा के आने के बाद माना जा रहा है कि जीडीए केंद्र की परियोजनाओं पर जोर देगा। प्रधानमंत्री आवास योजना भी इनमें से एक है। इसके तहत मध्य वर्ग के लोगों के लिए नए आवासों का निर्माण कराना है। हालांकि इसके लिए जीडीए के सामने जमीन की व्यवस्था करने की चुनौती है।
नगर निगम को हैंडओवर हो सकती हैं कई कॉलोनियां
कई आवासीय योजनाओं को नगर निगम को हैंडओवर करने को लेकर भी बोर्ड बैठक में फैसला हो सकता है। सिद्धार्थपुरम, सिद्धार्थपुरम विस्तार, सिद्धार्थ इनक्लेव, सिद्धार्थ इनक्लेव विस्तार, गौतम विहार, गौतम विहार विस्तार आदि कॉलोनियां बनकर तैयार हैं, पर अभी इनका हस्तांतरण नहीं हो सका है।
वाटर स्पोर्ट्स और नुमाइश ग्राउंड पर होगा काम
रामगढ़ताल पर वाटर स्पोर्ट्स, ऑडिटोरियम के साथ 12.5 एकड़ में नुमाइश ग्राउंड तैयार करने की भी योजना है। जल निगम और जीडीए मिलकर इस परियोजना पर काम करेगा। 100 करोड़ की लागत से इसमें पैरा सेलिंग, बनाना राइड, पैरा ग्लाइडिंग आदि खेलों की सुविधा दी जानी है।
पिछले प्रस्तावों की प्रगति पर भी होगी बात
बोर्ड बैठक में न सिर्फ आगामी योजनाओं के प्रस्ताव पेश होंगे, बल्कि पिछली योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी रखी जाएगी। जीडीए ने बीते वित्तीय वर्ष में प्रेमचंद पार्क, पंत पार्क, अंबेडकर पार्क, व्ही पार्क और इंदिरा बाल विहार पर स्वच्छ पेयजल के लिए आरओ सिस्टम लगाया है। नर्सिंग होम, अस्पतालों एवं क्लीनिक को नोटिस भेजकर नक्शा पेश करने को कहा है। साथ ही इन्हें पार्किंग की व्यवस्था करने के लिए भी निर्देशित किया है।