महिला से पैसे लूटे (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : File Photo
कार सवार बदमाशों ने मदद के बहाने महिला को कार में बैठा लिया और उससे ढाई लाख रुपये लूट लिया। हाथ-पैर बांधकर हाईवे पर पटहेरवा क्षेत्र के झरही नाले के पास उतारने के बाद बदमाश भाग गए। रोती-बिलखती महिला को देखकर राहगीरों ने पटहेरवा पुलिस और यूपी-100 को सूचना दी। थोड़ी देर में सीओ और पटहेरवा पुलिस पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
पडरौना नगर के राजपूत कॉलोनी की 55 वर्षीय सुमित्रा देवी पत्नी दीपक ने बताया कि उनके पति हार्ट के मरीज हैं। पांच अगस्त को दिल्ली में ऑपरेशन होना है। दो लाख रुपये लेकर वह घर से पहले पीएनबी शाखा पडरौना गई। पीएनबी में एक युवक ने उसका विड्राल फार्म भरा और वह 49,500 रुपये निकाली।
इन रुपयों को लेकर वह स्टेट बैंक में जमा करने जा रही थी ताकि स्टेट बैंक के एटीएम कार्ड से दिल्ली में रकम निकाली जा सके। जैसे ही वह बैंक परिसर से बाहर निकली तो विड्राल फार्म भरने वाले युवक ने उसे स्टेट बैंक की शाखा तक छोड़ने के लिए कार में बैठा लिया। पहले से कार में तीन अन्य लोग मौजूद थे। कार में बैठाने के बाद बदमाशों ने शीशा चढ़ा लिया और फिर उसे आगे ले जाने लगे तो वह विरोध की। चलती कार में बदमाशों ने उसका हाथ-पैर कपड़े से बांध दिया। हाईवे पर झरही नाले के पास सुनसान देख कर बदमाश उसके पास से ढाई लाख रुपये लूट लिए और फिर उसे नीचे उतार कर भाग गए।
उसे रोते चिल्लाते देख कर कुछ लोग रुके और बंधन मुक्त कराया। पटहेरवा के प्रभारी एसओ राम सहाय यादव ने बताया कि घटना पडरौना से शुरू हुई है। पीएनबी की शाखा में सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की पहचान हो सकती है। कोतवाल पड़रौना को भी जानकारी दी गई है। कोतवाली पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसपी राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि मदद के झांसे में कार में बैठा कर बदमाशों ने महिला से ढाई लाख लेकर भाग गए। पडरौना कोतवाली में मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया है। पुलिस जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर देगी।