अभिनंदन समारोह में गीत गाते कुलपति प्रो. अशोक कुमार।
- फोटो : Rajesh Kumar
गोरखपुर यूनिवर्सिटी के दीक्षा भवन में मंगलवार को बीए प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के स्वागत के लिए अभिनंदन समारोह का आयोजन हुआ। आयोजक कला संकाय प्रतिनिधि योगेश कुमार पांडेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अपने उद्बोधन में कुलपति का ध्यान शैक्षणिक गुणवत्ता पर खींचा।
कहा कि विद्यार्थियों की ओर से कक्षाओं में शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर कई शिकायतें मिली हैं। ऐसे में कुलपति स्वयं कक्षाओं में पहुंचकर इसे परखें तो स्थिति सुधरे। इस बीच विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए मनोरंजन के साथ कई सकारात्मक संदेश देने की भी कोशिश हुई। अंत में शिवम गुप्ता को मिस्टर फ्रेशर और शिवानी मिश्रा मिस फ्रेशर चुना गया। रनरअप गणेश पाठक और समीक्षा श्रीवास्तव रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत कुलपति प्रो. अशोक कुमार ने दीप प्रज्वलित कर की। सुकांति, दिव्या और इरम ने सरस्वती वंदना की। स्वागत भाषण में कला संकाय प्रतिनिधि की ओर से शैक्षणिक गुणवत्ता को परखने की मांग पर अधिष्ठाता कला संकाय ने यूनिवर्सिटी में शिक्षकों की कमी का मामला उठाया। कहा कि कुलपति प्रयास कर रहे हैं। जल्द ही इन पदों पर शिक्षकों की तैनाती होगी। शिक्षक पूरे होंगे तो यूनिवर्सिटी की शैक्षणिक गुणवत्ता बेहतर होगी।
बीए प्रथम वर्ष की छात्र शिवानी मिश्रा ने नृत्य के जरिए खूब तालियां बटोरीं। कुमार हर्ष के तरानों ने महफिल बांधी तो विपिन ने नाना पाटेकर के फिल्मी डायलॉग पर मिमिक्री कर लोगों को समाज हित में कुछ करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान छात्र संघ अध्यक्ष अमन यादव, महामंत्री ऋचा चौधरी, पुस्तकालय मंत्री दीपक यादव, प्रदीप मिश्र, उमाकांत तिवारी, अमन शर्मा, स्वप्निल शर्मा, मधुकर, योगेश, उज्ज्वल आदि मौजूद थे।