फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चौरीचौरा से मनुरोजन समेत चार ने दाखिल किया पर्चा

Thu, 09 Feb 2017 01:01 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।
विज्ञापन
नामांकन करने पहुंचे मनुरोजन यादव। - फोटो : Shivharsh Dwivedi
विज्ञापन
विधानसभा चुनाव के नामांकन के दूसरे दिन बुधवार को चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र से सपा उम्मीदवार मनुरोजन यादव समेत चार प्रत्याशियों ने नामांकन किया। चौरीचौरा विधानसभा से ही अभिनेता राजपाल यादव की भारतीय समभाव पार्टी के प्रत्याशी राजन यादव उर्फ अर्थी बाबा तथा अमित दुबे तथा शहर विधानसभा क्षेत्र से समाचारपत्र विक्रेता शत्रुघभन ने नामांकन किया। वहीं 37 लोगों ने पर्चे भी खरीदे। इनमें शहर से सात, ग्रामीण से पांच, चौरीचौरा, कैंपियरगंज और पिपराइच से चार-चार, खजनी से तीन तथा सहजनवां और बांसगांव से छह-छह पर्चे लिए गए। 
विज्ञापन


चौरीचौरा के फुटहवा इनार में सभा के बाद मनुरोजन अपनी पत्नी जिला पंचायत अध्यक्ष गीतांजलि यादव, जिलाध्यक्ष प्रहलाद यादव और महासचिव नगीना साहनी समेत बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ दोपहर 12:30 बजे नामांकन करने कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहीं पिछले चुनावों की तरह इस बार भी राजन यादव, अर्थी पर बैठकर नामांकन करने पहुंचे थे।
गुरुवार को सर्वाधिक नामांकन होने की उम्मीद है। ज्यादातर प्रमुख दलों के प्रत्याशी इसी दिन नामांकन करने की उम्मीद है। इस लंबी फेहरिस्त को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के अफसरों को अलर्ट किया गया है। कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार और कचहरी चौराहे पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के साथ ही यातायात पुलिस को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने शहर के लोगों से अपील की है कि अगर जरूरी काम न हो तो सुबह 11 बजे से तीन बजे तक  नामांकन स्थल के आस-पास की सड़कों से गुजरने से बचे।  
विज्ञापन


मनुरोजन और सपा जिलाध्यक्ष की पुलिस से झड़प
तय संख्या से अधिक लोगों को नामांकन स्थल तक ले जाने के लिए सपा के चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार मनुरोजन यादव और सपा जिलाध्यक्ष प्रहलाद यादव की कलेक्ट्रेट गेट पर पुलिस और प्रशासन के अफसरों से तीखी नोकझोंक हुई। मनुरोजन, चार प्रस्तावकों के अलावा और तीन-चार लोगों को भीतर ले जाना चाहते थे। पुलिस के रोकने पर उन्होंने सत्ता पक्ष का करीबी होने के साथ ही पत्नी के जिलाध्यक्ष होने का भी हवाला दिया। इस पर भी बात नहीं बनी तो मनुरोजन और जिलाध्यक्ष ने आयोग के निर्देश की कापी दिखाने को कहा। उनका कहना था कि प्रत्याशी के अलावा पांच लोगों को नामांकन स्थल तक जाने की अनुमति है। बाद में जब प्रशासन ने उन्हें आदेश की कापी दिखाई तब उनका भ्रम दूर हुआ। चार प्रस्तावकों के अलावा बाकी सभी समर्थकों को कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार के बाहर ही इंतजार करने का संदेश दे, वे नामांकन करने गए। 

लखपति हैं मनुरोजन, गाड़ी में कार और ट्रैक्टर 
जिला पंचायत अध्यक्ष के पति व चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र से सपा के उम्मीदवार मनुरोजन यादव लखपति हैं। इनके पास कुल 10 लाख और उनकी पत्नी के पास 6.78 लाख रुपये हैं। नामांकन के समय संपत्ति को लेकर दिए गए शपथपत्र के मुताबिक उनके पास 20 हजार और उनकी पत्नी के पास 10 हजार रुपये नकद है। बैंक में उनके व उनके पत्नी के नाम करीब सवा चार लाख रुपये हैं। 4.86 लाख रुपये की कार और करीब चार लाख कीमत का ट्रैक्टर है। उनकी पत्नी के पास पुस्तैनी 100 ग्राम सोना है जिसकी कीमत उन्होंने 2.70 लाख दर्शाया है। 39 वर्षीय मनुरोजन 2012 में जगरुप यादव विधि महाविद्यालय इंदारा मऊ से एलएलबी हैं।  

रात को सपने में बने विधायक, सुबह चले आए पर्चा लेने
सहजनवां के  मेंहदिया गांव के राम सिंह ने मंगलवार की रात को सपना देखा कि वे विधायक बन गए हैं। उनके चारों तरफ सुरक्षा गार्ड खड़े हैं। क्षेत्र की समस्याओं को लेकर वे विधानसभा में आवाज उठा रहे हैं और क्षेत्र में लौटते ही जनता ने उन्हें घेर लिया है। सुबह होते ही सपना तो टूट गया मगर राम सिंह उसे साकार करने के लिए कलेक्ट्रेट पहुंच गए। नामांकन पर्चा खरीदा और पत्रकारों से बातचीत में सपने का जिक्र करते हुए ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की अपनी मंशा का खुलासा किया।

राहुल भी पहुंचे पर्चा लेने , राणा का टिकट बदलने की चर्चा
सपा-कांग्रेस गठबंधन के बाद शहर विधानसभा क्षेत्र से राहुल गुप्ता का टिकट काटकर कांग्रेस के राणा राहुल सिंह को टिकट दिया गया है। अब राणा राहुल का टिकट काटकर दोबारा सपा के राहुल गुप्ता को टिकट देने की चर्चा जोरों पर है। बुधवार को शहर विधानसभा क्षेत्र से राहुल के नामांकन पत्र लेने के बाद चर्चा को और बल मिल गया है। पिछले विधानसभा चुनाव में राहुल की मां व पूर्व पार्षद राजकुमारी देवी दूसरे स्थान पर थीं। हालांकि इस मामले में राहुल और राजकुमारी देवी के साथ ही सपा के सभी बड़े पदाधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। सपा के जिलाध्यक्ष प्रहलाद यादव का कहना है कि इस संबंध में प्रदेश कार्यालय से लिखित या मौखिक तौर पर उन्हें अभी कोई सूचना नहीं मिली है। राहुल गुप्ता ने किस आधार पर पर्चा लिया है, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।  
विज्ञापन


आज ये प्रमुख प्रत्याशी करेंगे नामांकन
शहर विधानसभा क्षेत्र- भाजपा से डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल, कांग्रेस से राणा राहुल सिंह,
ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र- सपा से विजय बहादुर यादव
चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र- भाजपा से संगीता यादव
खजनी विधानसभा क्षेत्र- भाजपा से संत प्रसाद
सहजनवां विधानसभा क्षेत्र - भाजपा से शीतल पांडेय, सपा से यशपाल रावत
बांसगांव विधानसभा क्षेत्र- भाजपा से विमलेश पासवान, सपा से शारदा देवी
पिपराइच विधानसभा क्षेत्र- सपा से अमरेंद्र निषाद
चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र-सपा से रामभुआल निषाद, बसपा से विनय शंकर तिवारी

                  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें