दुधारा थाना क्षेत्र के ग्राम रजापुर सरैया में रविवार को एक संस्था के जरिए लगाए गए स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन करने जा रहे पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी को कुछ लोगों ने डड़वा के पास रोक लिया और कार्यक्रम में जाने को लेकर विरोध जताया। जिसके बाद मामला बढ़ गया और दो पक्षों में जमकर झड़प हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। उसके बाद पूर्व सांसद कार्यक्रम में पहुंचे।
दुधारा थाना क्षेत्र के रजापुर सरैया गांव में तेजी फाउंडेशन के जरिए कैंसर जागरुकता को लेकर स्वास्थ्य शिविर लगाया गया था। जिसका उद्घाटन पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी को करना था। वह रविवार को दिन में एक बजे के करीब कार्यक्रम स्थल पर जा रहे थे। अभी वह कोतवाली क्षेत्र के डड़वा के पास पहुंचे ही थे कि रजापुर सरैया गांव के कुछ लोगों ने उनके काफिले को रोक लिया और कार्यक्रम में जाने के विरोध में नारेबाजी करने लगे।
उसी दौरान कार्यक्रम आयोजक पक्ष के कुछ लोग पहुंच गए और विरोध कर रहे लोगों से रास्ता रोके जाने के बाबत पूछा। जिसके बाद दोनों पक्षों में झड़प हो गई। मामले की सूचना किसी ने पुलिस को दे दी। मौके पर सीओ सदर रमेश कुमार, कोतवाल प्रकाश यादव, दुधारा एसओ प्रदीप सिंह पहुंच गए। सीओ ने दोनों पक्षों को शांत कराया और पूर्व सांसद को कार्यक्रम स्थल तक ले गए। कार्यक्रम की समाप्ति तक पुलिस मौजूद रही।
इस संबंध में सीओ रमेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाया गया है। अगर तहरीर मिलती है तो केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी का कहना था कि वह कार्यक्रम में जा रहे थे। कुछ लोगों की झड़प की सूचना मिली है। वह कार्यक्रम में गए और शामिल भी हुए।