गोरखपुर एयरपोर्ट से अमौसी एयरपोर्ट लखनऊ की क्षेत्रीय उड़ान सेवा सितंबर 2017 से शुरू होगी। इसकी जिम्मेदारी एयर उड़ीसा प्राइवेट लिमिटेड को दी गई है। इस हवाई सेवा का किराया बेहद सस्ता होगा। न्यूनतम 1000 से 2500 रुपये का किराया देकर फ्लाइट से लखनऊ पहुंचा जा सकेगा। किराया प्रीमियर रेट से वसूला जाएगा। इसका मतलब है कि फ्लाइट की 85 फीसदी सीट बुकिंग के बाद किराया महंगा हो जाएगा। टिकट की ऑनलाइन बुकिंग कराई जा सकेगी।
गोरखपुर एयरपोर्ट को रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम (आईसीएस) से जोड़ दिया गया है। सितंबर से गोरखपुर से लखनऊ की हवाई सेवा शुरू हो जाएगी। गोरखपुर से यूपी की राजधानी की दूरी करीब 280 किमी है। यह दूरी करीब 30 मिनट में तय की जा सकेगी। यही फ्लाइट लखनऊ से मध्य प्रदेश के ग्वालियर और ग्वालियर से नई दिल्ली तक जाएगी। इसके लिए 80 सीटर फ्लाइट लगाई जाएगी। यही फ्लाइट फिर नई दिल्ली से ग्वालियर और लखनऊ से गोरखपुर आएगी। इससे यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
गोरखपुर एयरपोर्ट के निदेशक बीएस मीणा ने बताया कि क्षेत्रीय उड़ान सेवा का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। अब यह सेवा देश के अलग-अलग एयरपोर्ट से शुरू की जा रही है। इस सूची में गोरखपुर एयरपोर्ट का नाम भी है। इसके संचालन की जिम्मेदारी एयर उड़ीसा को मिली है। इसका आधिकारिक पत्र भी एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने भेज दिया है। क्षेत्रीय उड़ान सेवा की तैयारी पूरी है। जल्द ही एयर उड़ीसा की टीम आएगी, फिर उड़ान की तारीख तय होगी।
गोरखपुर एयरपोर्ट से अभी नई दिल्ली, कोलकाता की उड़ान
गोरखपुर एयरपोर्ट से अभी नई दिल्ली और कोलकाता की फ्लाइटें चलती हैं। एयर इंडिया की फ्लाइट गोरखपुर से नई दिल्ली जाती है, फिर नई दिल्ली से गोरखपुर आती है। स्पाइस जेट की दो फ्लाइटें भी चलती हैं। इनका संचालन गोरखपुर से कोलकाता होता है। एयरपोर्ट निदेशक के मुताबिक गोरखपुर एयरपोर्ट से रोजाना 400-500 यात्री आते-जाते हैं। क्षेत्रीय उड़ान सेवा को भी अच्छे यात्री मिलेंगे। ऐसी उम्मीद जताई जा रही है।
रेलवे के एसी-1 कोच से कम होगा किराया
गोरखपुर से लखनऊ की क्षेत्रीय हवाई सेवा का किराया सुपरफास्ट या फिर एक्सप्रेस ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच से कम हो सकता है। यदि क्षेत्रीय उड़ान सेवा का टिकट दो महीने पहले बुक कराया जाए तो एक हजार रुपये किराया देना पड़ेगा। हवाई सेवा के तत्काल का टिकट महंगा होता है। बताते चलें कि गोरखपुर रेलवे स्टेशन से लखनऊ जंक्शन तक एक्सप्रेस ट्रेन के एसी-1 कोच का किराया 1230 रुपये होता है। सुपरफास्ट ट्रेन के एसी-1 कोच को किराया और महंगा होता है।