मुंबई की फ्लाइट रद, यात्रियों को हंगामा
गोरखपुर। मुंबई की दूसरी उड़ान निरस्त होने से खफा यात्रियों ने गुरुवार को एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया। आखिरी वक्त में फ्लाइट निरस्त होने की सूचना मिलने पर यात्री भड़क उठे। कई यात्रियों का कहना था कि उनका मुंबई पहुंचना बहुत जरूरी है। अंतिम वक्त में जानकारी मिलने पर उनके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं रह गया। यात्री मांग कर रहे थे कि उन्हें लखनऊ से किसी फ्लाइट से मुंबई भेजा जाए। जब एयरपोर्ट अथारिटी के अफसरों ने उन्हें शुक्रवार को मुंबई भेजने का आश्वासन दिया तब जाकर वे शांत हुए। स्पाइस जेट के अधिकारियों ने भी खेद जताते हुए मुंबई भेजने का भरोसा दिया। मौसम खराब होने की वजह से पिछले तीन दिनों से मुंबई की दूसरी फ्लाइट का शेडयूल गड़बड़ हो गया है। दो जुलाई को फ्लाइट निरस्त हो गई थी जबकि बुधवार को चार घंटे देर से पहुंची थी।