उत्तरी हुमायूंपर में ढहा मकान और घायलों को बाहर निकालते लोग।
- फोटो : Shivharsh Dwivedi
हुमायूंपुर में शनिवार सुबह अचानक एक कच्चा मकान ढहने से एक पूरा परिवार उसी में दब गया। पांच लोगों के मलबे में दबने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने सभी को बाहर निकाला। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
जानकारी के मुताबिक, हुमायूंपुर की मलिन बस्ती में मनीष मिट्टी और खपरैल का मकान बनाकर अपनी पत्नी, भाई और दो बच्चों के साथ रहते हैं। शनिवार की सुबह तकरीबन 7:30 बजे अचानकर मकार भरभरा कर ढह गया। इससे पूरा परिवार मकान के मलबे में दब गया। घटना की सूचना से वहां अफरा-तफरी मच गई। जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय पार्षद के प्रतिनिधि राधेश्याम रावत भी आनन-फानन में वहां पहुुंचे। हालांकि तब तक वहां मौजूद लोगों ने मनीष और उसके परिवार को बाहर निकाल लिया।
इन सभी को पास के अस्पताल ले जाया गया। मनीष को कुछ चोटें आई थीं, उन्हें इलाज कराकर वापस भेज दिया गया। राधेश्याम रावत ने बताया कि इलाज के बाद सभी को डिस्चार्ज कर दिया गया। वहीं लेखपाल ने भी आकर मामले की जानकारी ली।