भटहट में पांच तस्कर गिरफ्तार, सात पशु मुक्त
गुलरिहा/भटहट। भटहट के पास से पुलिस ने पांच तस्करों को गिरफ्तार कर पिकप पर लादे गए सात पशुओं को मुक्त कराया। रविवार की रात में पिकप को पुलिस ने पकड़ा। फिर तस्करों से कॉल कराकर कीचड़ में गाड़ी फंसी होने की सूचना दिलाकर उनके सरगना इमरान को मौके पर बुलवाया। सहयोगियों के साथ सरगना को भी पुलिस ने दबोच लिया।
रविवार की रात मीरापुर चौराहे पर चौकी इंचार्ज विनोद कुमार सिंह ने सहयोगियों के साथ पिकप को घेराबंदी कर रोका। उसमें बैठे बड़हरियां निवासी शाहरुख, नूर आलम को पुलिस ने पकड़ लिया। चौकी प्रभारी ने शाहरुख से पशु तस्करों के सरगना को कॉल करके बुलाने के लिए कहा। तस्कर ने सरगना को गाड़ी कीचड़ में फंसे होने की जानकारी दी। थोड़ी देर में इमरान, सारिक, जुनेज भी आ गए। पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया। पिछले तीन दिनों की कार्रवाई में अब तक आठ तस्करों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। हालांकि तस्करों को छोड़ाने के लिए कुछ सफेदपोश पैरवी में लगे रहे, लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे किसी की नहीं चली।