नेपाल की शराब फैक्ट्रियों से निकलने वाले जहरीले पानी से रोहिन नदी की मछलियां मर रही हैं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की पड़ताल में नेपाल की फैक्ट्रियों से निकलने वाले दूषित पानी से नदी में आक्सीजन की मात्रा काफी कम पाई गई है।
काफी दिनों से रोहिन नदी में मछलियों की मौतों का सिलसिला जारी है। जानकारी मिलने के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एएसओ डॉ. टीएन सिंह ने टीम बनाकर उसे तीन स्थानों से नदी के पानी का नमूना लेने भेजा। डॉ. सिंह ने बताया कि टीम में शामिल वैज्ञानिक सहायक राम मिलन वर्मा, अनुश्रवण सहायक केके सिंह और अयोध्या प्रसाद ने जंगल पकड़ी में शिवदहा, राप्ती और रोहिन नदी के मिलने वाले स्थान डोमिनगढ़ और जंगल कौड़िया से पानी का नमूना लिया।
बताया कि नमूने की जांच की जो रिपोर्ट मिली, वह काफी चिंताजनक है। पानी में ऑक्सीजन की मात्रा इतनी कम है कि उतने ऑक्सीजन में कोई भी जलीय जीव जीवित नहीं रह सकता है। जलीय जीवों के लिए ऑक्सीजन की मात्रा न्यूनतम 5 मिलीग्राम प्रति लीटर होनी चाहिए, लेकिन रोहिन में यह मात्रा 1.57 मिलीग्राम प्रति लीटर रहा। रोहिन नदी में जो गंदा पानी आया है वो नेपाल के किसी शराब फैक्टरी का है, क्योंकि भारत में किसी फैक्टरी का पानी रोहिन में नहीं आता है। राप्ती नदी के पानी के सैंपल की रिपोर्ट तैयार करने के बाद मुख्यालय भेज दी जाएगी।