कोतवाली पुलिस ने शनिवार की शाम को एक व्यवसायी के घर और गोदाम से करीब पांच लाख कीमत का पटाखा बरामद किया। पुलिस ने अनाधिकृत ढंग से दुकान और गोदाम में पटाखा भंडारित किए जाने के आरोप में दुकानदार को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले में पकड़े गए दुकानदार से पूछताछ करने में जुटी थी।
कोतवाल अजय कुमार सिंह ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर अवैध ढंग से पटाखा भंडारित करने वालों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। शनिवार को सूचना के आधार पर गोला बाजार में सुतली का कारोबार करने वाले जितेंद्र की दुकान पर छापेमारी किया गया,जहां से भंडारित किया गया पटाखा मिला।
बाद में जितेंद्र के खलीलाबाद स्टेशन रोड स्थित गोदाम पर छापेमारी की गई तो वहां से काफी मात्रा में छोटे- बडे किस्म का पटाखा बरामद हुआ। पूछताछ में जितेंद्र ने बताया कि प्रशासन की ओर से पटाखा बिक्री के लिए निर्धारित किए गए खलीलाबाद जूनियर हाई स्कूल परिसर में तीन दिनों तक पटाखा बिक्री करने का उसके पास लाइसेंस है।
कोतवाल ने बताया कि जितेंद्र के जरिए अवैध तरीके से दुकान और गोदाम में करीब पांच लाख कीमत का पटाखा भंडारित किया गया था। बरामद किए गए पटाखा को कब्जे में ले लिया गया है। जबकि हिरासत में लिए गए जितेंद्र से पूछताछ की जा रही है। जांच पड़ताल के बाद इस मामले में कार्रवाई की जाएगी