चेन्नई से सोनौली कार लेकर जा रही ट्रेलर में बृहस्पतिवार की देर रात आग लग गई। इससे ट्रेलर में लदीं 10 कारें जलकर राख हो गईं। बरगदवां के पास घटना की जानकारी होने पर चालक और हेल्पर ने ट्रक से कूदकर जान बचाई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने एक घंटे की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया। इस बीच गोरखपुर-सोनौली मार्ग पर आवागमन ठप रहा।
चिलुआताल प्रतिनिधि के अनुसार चेन्नई से दस कारें लेकर सोनौली जा रही ट्रेलर में बृहस्पतिवार की रात एक बजे गोरखनाथ ओवरब्रिज के पास हाईटेंशन तार की चपेट में आने से आग लग गई। घटना की जानकारी चालक और खलासी को नहीं हुई। बरगदवां में रिलायंस पेट्रोल पंप के पास जलते हुए गाड़ी पर हॉक दस्ते की नजर पड़ी तो सिपाहियों ने ट्रेलर रोकवाकर चालक और खलासी को नीचे उतरवाया और कंट्रोल रूम में फोन कर घटना की जानकारी दी। आधे घंटे बाद जब फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची तब तक ट्रेलर में लदी सभी कारें जल चुकी थीं।
ऐहतियात के तौर पर पुलिस ने सोनौली हाईवे पर गाड़ियाें का आवागमन रोक दिया। एक घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। ट्रेलर चालक हादसे के बाद फरार हो गया। औरैया के रहने वाले हेल्पर ने बताया कि ट्रेलर ग्वालियर के रहने वाले रोहित का है, उसे उसका साथी कल्लू चला रहा था। गोरखनाथ ओवरब्रिज के पास हाईटेंशन तार से ट्रेलर टकराया था, लेकिन आग लगने की जानकारी नहीं हो पाई। ट्रेलर में हुंडई कंपनी की दस कारें लदीं थीं, जिसे सौनौली स्थित शोरूम पहुंचाना था।